बेटे जुनैद को कार गिफ्ट करेंगे आमिर खान? बोले- ‘वो आज भी बस-ऑटो से सफर करता है’

KNEWS DESK – बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान इन दिनों अपने प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनी फिल्म ‘एक दिन’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इस फिल्म में उनके बेटे जुनैद खान लीड रोल में नजर आने वाले हैं, जबकि उनके साथ साई पल्लवी मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी। फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है और इसी बीच आमिर खान ने अपने बेटे जुनैद को लेकर दिलचस्प बातें साझा की हैं।

हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान आमिर खान ने अपनी पर्सनल लाइफ और जुनैद खान के करियर पर खुलकर बात की। बातचीत के दौरान स्टैंडअप कॉमेडियन जाकिर खान ने उनसे मजेदार अंदाज में पूछा कि क्या वह अपने बेटे जुनैद को जन्मदिन पर लग्जरी कार गिफ्ट करने वाले हैं।

इस सवाल पर आमिर खान ने साफ शब्दों में कहा कि ऐसा कुछ नहीं होने वाला। उन्होंने बताया कि जुनैद खुद बहुत सिंपल लाइफ जीना पसंद करते हैं और उन्हें दिखावे या लग्जरी चीजों का शौक नहीं है।

जाकिर खान ने मजाक में कहा कि आजकल एक्टर्स अपने प्रोड्यूसर्स से 7-8 वैनिटी वैन तक की डिमांड करते हैं। अगर जुनैद भी उनसे ऐसी मांग करें तो क्या वह पूरी करेंगे? इस पर आमिर खान हंसते हुए बोले, “नहीं, बिल्कुल नहीं। लेकिन खुशकिस्मती से जुनैद ऐसा लड़का ही नहीं है जो ऐसी मांग करे।”

उन्होंने आगे कहा, “जुनैद में बहुत अच्छी क्वालिटीज हैं। एक पिता के तौर पर मुझे उस पर गर्व है। वह बेहद मेहनती है, अपने डायरेक्टर और प्रोड्यूसर की बहुत इज्जत करता है और अपने को-स्टार्स के साथ भी बहुत सम्मान से पेश आता है। वह बहुत समझदार और जमीन से जुड़ा हुआ इंसान है।”

जब उनसे पूछा गया कि 2 जून को जुनैद के जन्मदिन पर वह क्या गिफ्ट देंगे, तो आमिर खान ने मुस्कुराते हुए कहा, “वो मुझसे कुछ लेते ही नहीं हैं।”

इस पर जाकिर खान ने सुझाव दिया कि इस बार उन्हें एक कार ही दे दीजिए, क्योंकि अभी तक वह पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करते हैं। इस पर आमिर ने बताया, “मैंने कई बार कहा कि मैं तुम्हारे लिए एक गाड़ी ले लेता हूं, लेकिन वह हर बार मना कर देता है। उसे अभी भी बस, ट्रेन, ऑटो और कैब से ट्रैवल करना पसंद है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *