पवन सिंह के बाद फिर प्यार में पड़ीं अक्षरा सिंह, बोलीं- ‘अभी प्यार के ‘प’ पर हूं’

KNEWS DESK – भोजपुरी इंडस्ट्री की चर्चित एक्ट्रेस अक्षरा सिंह एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। अपने गानों और दमदार एक्टिंग से फैंस का दिल जीतने वाली अक्षरा ने हाल ही में अपने रिलेशनशिप स्टेटस को लेकर बड़ा खुलासा किया है। एक्ट्रेस ने साफ कहा है कि उनकी जिंदगी में एक बार फिर प्यार ने दस्तक दी है।

हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अक्षरा सिंह ने अपनी प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ पर खुलकर बात की। बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें दोबारा प्यार हुआ है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “हुआ है ना, चल रहा है। जो पुराना था, वो भूतकाल में चला गया। अब मैं वर्तमान और भविष्य की चिंता करती हूं।”

अक्षरा ने यह भी स्वीकार किया कि फिलहाल उनका रिश्ता शुरुआती दौर में है और दोनों एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी सबकुछ प्रोसेस में है और सही समय आने पर वह अपने पार्टनर के बारे में खुलकर बताएंगी।

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह इस समय किसी के प्यार में हैं, तो उन्होंने बिना झिझक कहा, “हां, मैं प्यार में हूं।” इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में गाना भी गुनगुनाया—“प्यार का पहला खत लिखने में वक्त तो लगता है…”। उन्होंने आगे कहा, “मैं अभी प्यार के ‘प’ तक पहुंची हूं, थोड़ा समय दीजिए, फिर सब बता दूंगी।”

शादी के सवाल पर भी अक्षरा सिंह ने बेहद समझदारी भरा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि शादी सिर्फ प्यार से नहीं, बल्कि समझदारी और सही इंसान के चुनाव से होती है। उन्होंने कहा, “पहले इंसान को समझना जरूरी है। उसका माइंडसेट, सोच और मुश्किल हालातों को संभालने की क्षमता बहुत मायने रखती है। जब ये सब समझ आ जाएगा, तब शादी के बारे में सोचा जाएगा।”

गौरतलब है कि अक्षरा सिंह का नाम पहले भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह के साथ जुड़ चुका है। दोनों की जोड़ी ऑनस्क्रीन ही नहीं, ऑफस्क्रीन भी काफी चर्चित रही थी। बताया जाता है कि दोनों का रिश्ता 2010 के आसपास शुरू हुआ था और कई सालों तक साथ रहा। हालांकि बाद में दोनों के रिश्ते में दरार आ गई।

अक्षरा सिंह ने पवन सिंह पर कई गंभीर आरोप भी लगाए थे। उन्होंने कहा था कि उन्हें रिश्ते में मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी और उनके करियर को नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी की गई। वहीं पवन सिंह ने 2018 में अचानक ज्योति सिंह से शादी कर ली, जिसके बाद दोनों का रिश्ता पूरी तरह खत्म हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *