डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खुशियों का माहौल चंद मिनटों में चीख-पुकार और मातम में बदल गया। सिर पर सेहरा बांधे, आंखों में नए जीवन के सपने सजाए अपनी दुल्हन को लेने जा रहे एक दूल्हे की सरेराह निर्मम हत्या कर दी गई। बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में दूल्हे की कार को रोका और ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
स्वागत की तैयारी थी, पर बरसने लगीं गोलियां
यह दर्दनाक वाकया शुक्रवार शाम का है। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के निवासी आजाद बिंद की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव की रहने वाली सोनी बिंद से तय हुई थी। शाम को गाजे-बाजे के साथ बारात निकली थी। बारात अभी दुल्हन के दरवाजे से कुछ ही दूरी पर थी और स्वागत की तैयारियां चल रही थीं। तभी अचानक एक अपाचे बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश आए। उन्होंने दूल्हे की कार को रुकवाया और इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, बदमाशों ने आजाद पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। पेट और मुंह में गोली लगने के कारण आजाद लहूलुहान होकर कार की सीट पर ही गिर पड़ा। पीछे आ रही बरातियों की गाड़ियों में सवार लोग जब तक नीचे उतरते, हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। आनन-फानन में पुलिस और परिजनों की मदद से आजाद को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शादी का घर बना श्मशान, दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल
दूल्हे की मौत की खबर जैसे ही दोनों परिवारों को मिली, शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। जिस घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां अब चीखें सुनाई दे रही थीं। दुल्हन सोनी का रो-रोकर बुरा हाल है। उसने बिलखते हुए कहा, “उसने वादा किया था कि वह सेहरा बांधकर आएगा, लेकिन वह इस हाल में आएगा यह कभी नहीं सोचा था।” घटना के बाद खौफ का यह आलम था कि अधिकांश बाराती बिना कुछ कहे घटनास्थल से ही अपने घरों को लौट गए।
पुलिस की जांच: प्रेम प्रसंग या पुरानी रंजिश?
वारदात की सूचना मिलते ही जौनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कुंवर अनुपम सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस इस हत्याकांड के पीछे की असल वजह तलाशने में जुटी है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे प्रेम प्रसंग के एंगल से भी देख रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल्स की भी जांच की जा रही है। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि यह घटना अत्यंत दुखद और गंभीर है। अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है। हम हर पहलू की जांच कर रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।”