Knews Desk– दिल्ली हाईकोर्ट ने कारोबारी संजय कपूर की संपत्ति विवाद से जुड़े मामले में बड़ा अंतरिम आदेश सुनाया है, जिससे करिश्मा कपूर के बच्चों समाइरा और कियान को राहत मिली है। वहीं, संजय कपूर की मौजूदा पत्नी प्रिया कपूर के लिए यह फैसला झटका माना जा रहा है। यह मामला संजय कपूर की कथित वसीयत और संपत्ति के बंटवारे को लेकर चल रहा है। करिश्मा कपूर के बच्चों ने वसीयत की वैधता और प्रामाणिकता पर सवाल उठाते हुए अदालत में याचिका दायर की थी। उनका कहना है कि वसीयत को लेकर गंभीर संदेह हैं और इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।

दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान पाया कि इस मामले में “प्रथम दृष्टया संदेह” का आधार मौजूद है। इसी के चलते अदालत ने आदेश दिया कि जब तक मामले की अंतिम सुनवाई नहीं हो जाती, तब तक संजय कपूर की संपत्तियों में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया जा सकता। अदालत ने साफ निर्देश दिया है कि संपत्ति को सुरक्षित रखा जाए और उसे न तो बेचा जाए, न ट्रांसफर किया जाए और न ही गिरवी रखा जाए। इसके साथ ही कोर्ट ने कई बैंक खातों को फ्रीज करने का आदेश दिया है ताकि किसी भी तरह की वित्तीय हेरफेर को रोका जा सके।
कोर्ट ने यह भी कहा कि यदि आगे चलकर वसीयत को जाली या अवैध पाया जाता है, तो इससे बच्चों को अपूरणीय नुकसान हो सकता है। इसलिए संपत्ति की सुरक्षा बेहद जरूरी है। इस मामले में अदालत ने प्रिया कपूर को निर्देश दिया है कि वे करिश्मा कपूर के बच्चों द्वारा उठाए गए सभी संदेहों का जवाब दें और वसीयत की वैधता को स्पष्ट करें।
इसके अलावा, कोर्ट ने संजय कपूर की भारतीय और विदेशी बैंक खातों के संचालन पर भी रोक लगा दी है। साथ ही उनकी क्रिप्टोकरेंसी और अन्य वित्तीय संपत्तियों के लेन-देन पर भी अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है। इस फैसले के बाद करिश्मा कपूर के बच्चों को बड़ी कानूनी राहत मिली है, जबकि संपत्ति विवाद का यह मामला अब आगे की सुनवाई के लिए और महत्वपूर्ण हो गया है। अब सबकी नजरें अदालत के अंतिम फैसले पर टिकी हैं।