इंस्टाग्राम वाला इश्क: बिहार में दो बच्चों की मां को प्रेमी के साथ बगीचे में ग्रामीणों ने पकड़ा, मंदिर में करा दी शादी

डिजिटल डेस्क- सोशल मीडिया के इस दौर में प्रेम कहानियों के बनने और बिगड़ने की रफ्तार तेज हो गई है। बिहार के वैशाली जिले के पातेपुर से एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर शुरू हुई एक ‘लव स्टोरी’ का अंत हाई-वोल्टेज ड्रामे के बीच मंदिर में शादी के साथ हुआ। दो बच्चों की मां ने अपने पति और संसार को छोड़कर प्रेमी का हाथ थाम लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, पातेपुर की रहने वाली खुशी कुमारी की पहचान करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए परदेशी कुमार नाम के युवक से हुई थी। धीरे-धीरे बातों का सिलसिला शुरू हुआ और दोनों एक-दूसरे के प्यार में गिरफ्तार हो गए। खुशी पहले से शादीशुदा थी और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं, लेकिन प्यार के जुनून में उसने सामाजिक मर्यादाओं को किनारे रख दिया। बुधवार की शाम दोनों पातेपुर के एक आम के बगीचे में चोरी-छिपे मुलाकात कर रहे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई। ग्रामीणों ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया, जिसके बाद मौके पर भारी हंगामा शुरू हो गया।

पंचायत नहीं, सीधे मंदिर में हुआ फैसला

पकड़े जाने के बाद प्रेमी जोड़ा काफी देर तक मिन्नतें करता रहा, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। मामले को पुलिस या पंचायत तक ले जाने के बजाय, ग्रामीणों ने मौके पर ही ‘न्याय’ करने का फैसला किया। नगर पंचायत के छपकी पोखर स्थित एक मंदिर में दोनों को ले जाया गया। वहां भारी भीड़ की मौजूदगी में, भगवान को साक्षी मानकर महिला और उसके प्रेमी का विवाह संपन्न करा दिया गया। इस पूरी घटना के दौरान किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला और युवक मंदिर में शादी की रस्में पूरी करते नजर आ रहे हैं।

पति का दोटूक फैसला: “अब घर में कोई जगह नहीं”

इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बीच महिला के पहले पति राजीव पासवान ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। राजीव ने बताया कि उनकी शादी साल 2022 में हुई थी और उनके दो छोटे बेटे हैं। राजीव के मुताबिक, उन्हें पत्नी के अफेयर का शक था, लेकिन अब सब कुछ सार्वजनिक हो चुका है। राजीव ने स्पष्ट लहजे में कहा, “जब पत्नी खुद गैर मर्द के साथ रहना चाहती है और प्रेमी उसे रखने को तैयार है, तो मैं उसे अब अपने साथ नहीं रखूंगा। मेरा उससे अब कोई वास्ता नहीं है।” वहीं, खुशी कुमारी ने भी समाज और बच्चों की परवाह किए बिना अपने प्रेमी परदेशी के साथ ही जीवन बिताने का फैसला किया है। उसने दोटूक कह दिया है कि वह अपने पहले पति के पास वापस नहीं जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *