KNEWS DESK- मेथीटीकुर, हरदोई में आज एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिलेगा, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को राज्य के बुनियादी ढांचे और आर्थिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
करीब 594 किलोमीटर लंबा यह गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक फैला हुआ है, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय घटकर लगभग 6-7 घंटे रह जाएगा। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि उन्नाव और हरदोई जैसे जिलों में व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उद्घाटन समारोह को लेकर सुबह से ही लोगों में उत्साह देखने को मिला। प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल तक लोगों को पहुंचाने के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की, जिनमें बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा बहुएं शामिल थीं। चकलवंशी और आसपास के क्षेत्रों से लोग बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए।
प्रधानमंत्री कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर पहले एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता और सुविधाओं का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें उत्तर प्रदेश को ‘एक्सप्रेसवे प्रदेश’ के रूप में विकसित करने की अपनी भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालेंगे।
सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरी तरह मुस्तैद हैं। हर प्रमुख मार्ग और चौराहे पर व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में एक मील का पत्थर साबित हो सकता है, जो राज्य को बेहतर कनेक्टिविटी और तेज आर्थिक प्रगति की ओर अग्रसर करेगा।