“अब मुझे फर्क नहीं पड़ता…” सोनम रघुवंशी को बेल मिलने के बाद भाई ने बदला रुख, राजा के परिवार से भी तोड़ा नाता

KNEWS DESK- बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक बड़ा मोड़ सामने आया है, जहां मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को शिलांग कोर्ट से सशर्त जमानत मिलने के बाद पारिवारिक रिश्तों में गहरा तनाव खुलकर सामने आ गया है।

जमानत मिलने की खबर के तुरंत बाद सोनम के भाई गोविंद का रुख पूरी तरह बदल गया। अब तक जो गोविंद खुद को निष्पक्ष बताते हुए मृतक राजा रघुवंशी के परिवार के साथ खड़े होने का दावा कर रहे थे, उन्होंने अचानक दूरी बना ली है और कड़ा बयान दिया है।

गोविंद ने साफ शब्दों में कहा कि अब उनका अपनी बहन सोनम से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि वह किसी भी तरह से उसकी मदद नहीं करेंगे और अगर सोनम उनके घर आती है तो वे खुद घर छोड़ देंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सोनम फिलहाल सिर्फ जमानत पर बाहर है, दोषमुक्त नहीं हुई है, इसलिए मामला अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

इस पूरे विवाद के बीच गोविंद ने राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि उन्होंने हर स्थिति में राजा के परिवार का साथ दिया, लेकिन इसके बावजूद उन पर ही सवाल उठाए जा रहे हैं। इसी वजह से वे मानसिक रूप से आहत हैं।

गुस्से में गोविंद ने यह भी कहा कि अब उन्हें किसी तरह की परवाह नहीं है और उन्होंने राजा के परिवार का समर्थन भी पूरी तरह से वापस ले लिया है।

गौरतलब है कि ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी को मुख्य आरोपी बनाया गया था। यह हाई-प्रोफाइल मामला पहले से ही चर्चा में था और अब जमानत के बाद परिवारों के बीच बढ़ती दूरियों ने इसे और विवादित बना दिया है।

फिलहाल दोनों परिवारों के बीच बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का यह सिलसिला जारी है, जिससे मामला और अधिक संवेदनशील होता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *