KNEWS DESK – पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण से पहले सियासी सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। 29 अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले सभी पार्टियां पूरी ताकत झोंक रही हैं। इसी कड़ी में नरेंद्र मोदी ने उत्तर 24 परगना में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा।
‘मां, माटी और मानुष’ पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन नारों के दम पर TMC सत्ता में आई थी, आज वही उसके लिए असहज हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “मां, माटी और मानुष” की बात करने वाली सरकार ने जनता का भरोसा तोड़ा है। उनके मुताबिक, राज्य में महिलाओं की सुरक्षा, जमीन से जुड़े मुद्दे और आम लोगों की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था पर हमला
पीएम मोदी ने शिक्षक भर्ती घोटाले, पंचायत चुनावों में हिंसा और संदेशखाली जैसे मामलों का जिक्र करते हुए राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई मामलों में अदालत को हस्तक्षेप करना पड़ा, जिससे सरकार की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं।
महिलाओं के लिए बड़े वादे
रैली के दौरान प्रधानमंत्री ने महिलाओं को लेकर कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में भाजपा सरकार बनती है, तो महिलाओं को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज, कैंसर जांच और टीकाकरण की सुविधा दी जाएगी। साथ ही गर्भावस्था के दौरान आर्थिक सहायता, बेटियों की पढ़ाई के लिए सहायता राशि और सरकारी नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा भी किया।
पीएम मोदी ने दावा किया कि पहले चरण में हुए भारी मतदान ने TMC के आत्मविश्वास को झटका दिया है। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और दूसरे चरण में यह रुझान और मजबूत होगा।