मथुराः आधी रात छत से कूदकर बेखौफ बदमाशों ने परिवार को बंधक को बंधक बनाकर की 15 लाख की बड़ी लूट

सुशील चौधरी- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई है, जिसने इलाके में दहशत फैला दी है। थाना सुरीर क्षेत्र के टैंटीगांव कस्बे में बीती रात हथियारबंद बदमाशों ने एक परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये की लूट को अंजाम दिया। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, नगला हरिया रोड निवासी अजय अग्रवाल के घर में देर रात करीब साढ़े 12 बजे 5 से 6 नकाबपोश बदमाश छत के रास्ते दाखिल हुए। बदमाशों ने पहले घर की जाली हटाई और फिर अंदर घुसकर पूरे परिवार को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उन्होंने अजय अग्रवाल, उनके पिता प्रेम प्रकाश अग्रवाल, पत्नी अनीता अग्रवाल और 6 साल की बेटी उमा को रस्सियों से बांध दिया।

तीन घंटे तक मचाया उत्पात, घर के सभी कमरों को खंगाला

बताया जा रहा है कि बदमाश करीब ढाई से तीन घंटे तक घर में रहे और आराम से लूटपाट करते रहे। इस दौरान परिवार पूरी तरह सहमा हुआ था और डर के साए में सब कुछ होते देखता रहा। बदमाशों ने घर के हर कमरे को खंगाला और कीमती सामान समेट लिया। पीड़ित परिवार के अनुसार, करीब 15 लाख रुपये की डकैती हुई है। इसमें तीन लाख रुपये से अधिक की नकदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात शामिल हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। सुबह जब घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बदमाशों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं बदमाशों को घर की पूरी जानकारी पहले से तो नहीं थी। इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पुलिस गश्त की कमी है, जिससे बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *