KNEWS DESK- टेक्नोलॉजी और ट्रैवल प्लानिंग के क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। अब फ्लाइट टिकट ढूंढने के लिए अलग-अलग वेबसाइट्स और ऐप्स के बीच बार-बार स्विच करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि ChatGPT ने Skyscanner के साथ साझेदारी कर यूजर्स के लिए यह प्रक्रिया बेहद आसान बना दी है।
इस नए इंटीग्रेशन के जरिए यूजर्स सीधे चैट में ही सस्ती फ्लाइट्स खोज सकते हैं। पहले जहां लोगों को कई प्लेटफॉर्म्स पर जाकर कीमतों की तुलना करनी पड़ती थी, वहीं अब केवल एक साधारण मैसेज लिखकर ही सबसे किफायती विकल्प सामने आ जाएंगे। यह फीचर खासतौर पर भारत में यूजर्स के लिए भी उपलब्ध कर दिया गया है।
यह टूल पारंपरिक सर्च इंजन जैसा नहीं, बल्कि एक पर्सनल ट्रैवल असिस्टेंट की तरह काम करता है। यूजर सिर्फ अपनी यात्रा से जुड़ी जानकारी—जैसे तारीख, गंतव्य और बजट—टाइप करता है, और ChatGPT तुरंत Skyscanner के डेटाबेस से सटीक और अपडेटेड फ्लाइट विकल्प दिखा देता है। कीमतें और ऑप्शंस वही होते हैं जो आमतौर पर स्काईस्कैनर के प्लेटफॉर्म पर नजर आते हैं।
इतना ही नहीं, कंपनी आने वाले समय में इस AI इंटीग्रेशन को और आगे बढ़ाने की तैयारी में है। भविष्य में होटल बुकिंग, ट्रैवल इटिनरेरी और अन्य सुविधाएं भी इसी तरह चैट के जरिए उपलब्ध कराई जा सकती हैं, जिससे पूरी ट्रैवल प्लानिंग एक ही प्लेटफॉर्म पर संभव हो जाएगी।
यूजर्स के लिए इस फीचर का इस्तेमाल करना भी काफी आसान है। उन्हें अपने फोन में ChatGPT का लेटेस्ट वर्जन इंस्टॉल करना होगा, फिर ऐप में जाकर “Explore Apps” सेक्शन में Skyscanner को सर्च कर कनेक्ट करना होगा। इसके बाद वे सीधे चैट में फ्लाइट सर्च कर सकते हैं।
यह साझेदारी न केवल समय बचाएगी, बल्कि ट्रैवल प्लानिंग को पहले से कहीं ज्यादा स्मार्ट और आसान बना देगी।