दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, नाइट्रोजन गैस से भरे टैंकर को ट्रक ने मारी टक्कर…

KNEWS DESK- दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर नाइट्रोजन गैस से भरे एक टैंकर को पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर के बाद टैंकर से गैस रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

यह घटना यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर के पास मोहंड क्षेत्र और डाट काली मंदिर के समीप हुई। जैसे ही नाइट्रोजन गैस लीक होने की सूचना फैली, एक्सप्रेसवे पर गुजर रहे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और कई वाहनों को एहतियातन रोक दिया गया।

सूचना मिलते ही फायर विभाग हरकत में आ गया। देहरादून से फायर सर्विस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जिसके बाद उत्तराखंड फायर सर्विस और सहारनपुर से भी अतिरिक्त दमकल दल को बुलाया गया। सभी टीमों ने मिलकर इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षित किया, ताकि किसी भी बड़े खतरे से बचा जा सके।

इसी बीच संबंधित गैस कंपनी की रेस्क्यू टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। विशेषज्ञों ने तकनीकी तरीके से लीक हो रही नाइट्रोजन गैस को नियंत्रित करते हुए उसे दूसरे टैंकर में सुरक्षित रूप से ट्रांसफर करना शुरू किया। इस दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया गया और किसी भी तरह की अनहोनी को रोकने के लिए पूरे क्षेत्र पर कड़ी नजर रखी गई।

स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर लगातार निगरानी रखते रहे। एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात को डायवर्ट किया गया, जिससे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। तेजी से की गई कार्रवाई के चलते स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *