बिहार विधान परिषद चुनाव: दोपहर 2 बजे तक शिक्षक सीटों पर 57.20%, स्नातक में 29.32% मतदान

बिहार विधान परिषद की आठ स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए शुक्रवार को मतदान जारी है। दोपहर 2 बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 57.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 29.32 प्रतिशत वोट पड़े। शिक्षक सीटों में दरभंगा 67 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे रहा, वहीं स्नातक सीटों में कोसी में सबसे अधिक 34.03 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

Knews Desk – बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 के तहत शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ। राज्य की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों के लिए कुल 150 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चुनाव में 5,32,847 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के लिए कुल 933 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदाताओं में 3,86,199 पुरुष, 1,46,611 महिलाएं और 37 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।

दोपहर 2 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल औसत मतदान 57.20 प्रतिशत रहा। इनमें दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सारण शिक्षक सीट पर 58.98 प्रतिशत वोट पड़े। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं की भागीदारी स्नातक क्षेत्रों की तुलना में अधिक रही।

दूसरी ओर, स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में दोपहर 2 बजे तक कुल औसत मतदान 29.32 प्रतिशत दर्ज किया गया। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 34.03 प्रतिशत मतदान हुआ। पटना स्नातक सीट पर 25.93 प्रतिशत और दरभंगा स्नातक सीट पर 25 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

बिहार विधान परिषद की इन आठ सीटों में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के तहत पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी शामिल हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण की सीटें शामिल हैं। मतदान शाम 4 बजे तक जारी रहेगा, जिसके बाद मतपेटियों में बंद उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना में होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *