साफ नीयत हो तो बदल जाती है तकदीर… इको पार्क के लोकार्पण में बोले सीएम योगी

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में विकास की नई तस्वीर देखने को मिल रही है। जहां कभी कचरे का अंबार और मीथेन गैस की दुर्गंध हुआ करती थी, वहीं आज एक खूबसूरत इको पार्क बनकर तैयार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को इको पार्क और एकला बांध फोरलेन सड़क का लोकार्पण करते हुए कहा कि अगर नीयत साफ हो और काम करने की इच्छाशक्ति हो, तो किसी भी क्षेत्र की तकदीर बदली जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान सीएम ने 1055 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि एक समय था जब शहर में प्रवेश करते ही कचरे के ढेर और बदबूदार माहौल का सामना करना पड़ता था। ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में वर्षों तक शहर का कचरा डंप होता रहा, जिससे न केवल पर्यावरण प्रभावित हुआ बल्कि भूजल भी दूषित हो गया।

गंदगी, दुर्गंध और प्रदूषण के कारण यह इलाका लोगों के लिए परेशानी का बन गया था- सीएम योगी

सीएम ने बताया कि बाद में यह कचरा एकला बांध क्षेत्र में डाला जाने लगा, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई थी। गंदगी, दुर्गंध और प्रदूषण के कारण यह इलाका लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया था। लेकिन अब उसी स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त इको पार्क विकसित किया गया है, जहां लोग परिवार के साथ समय बिता सकते हैं, योग और ध्यान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक पार्क नहीं, बल्कि ‘वेस्ट टू वेल्थ’ का उदाहरण है। पार्क में कचरे से बनी कलाकृतियां लगाई गई हैं, जो लोगों को स्वच्छता और पुनर्चक्रण के प्रति जागरूक करेंगी। साथ ही, बच्चों और युवाओं को ‘रीयूज, रिड्यूस, रीसायकल (RRR)’ के बारे में जागरूक करने के लिए क्विज और रील प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

गोरखपुर-वाराणसी मार्ग का भी किया उद्घाटन

इस मौके पर गोरखपुर-वाराणसी मार्ग को जोड़ने वाली करीब 3 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का भी उद्घाटन किया गया। इससे लखनऊ, बांसगांव और कौड़ीराम जैसे क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और ट्रैफिक जाम की समस्या में राहत मिलेगी। सीएम योगी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में गोरखपुर में बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए हैं। जहां पहले स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव था, वहीं अब यहां कई विश्वविद्यालय, मिनी स्टेडियम, वेटनरी कॉलेज और इंटरनेशनल स्टेडियम जैसी परियोजनाएं विकसित हो रही हैं। फर्टिलाइजर कारखाना और पिपराइच की चीनी मिल भी दोबारा चालू हो चुकी हैं।

सांसद रवि किशन ने की सराहना

उन्होंने यह भी बताया कि शहर में स्मार्ट सड़कों, ग्रीन बेल्ट, मिनी फॉरेस्ट और बेहतर ड्रेनेज सिस्टम पर काम किया जा रहा है। जहां पहले जलभराव और अंधेरा होता था, वहां अब स्ट्रीट लाइट और पक्की नालियों की सुविधा है। इसके साथ ही, इको पार्क में सोलर पैनल लगाए गए हैं, जिससे यहां इस्तेमाल होने वाली ऊर्जा को पर्यावरण के अनुकूल बनाया गया है। कार्यक्रम में गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ल ने भी इस परिवर्तन की सराहना की। उन्होंने कहा कि जहां पहले लोग नाक बंद करके गुजरते थे, वहां आज एक खूबसूरत पिकनिक स्पॉट बन गया है। उन्होंने इसे ‘कचरे में हीरा खोजने’ जैसा बदलाव बताया और कहा कि इससे पर्यटन और फिल्म शूटिंग को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *