उत्तराखंड: केदारनाथ धाम के कपाट खुले, सीएम धामी ने की पूजा, जय बाबा केदार के जयघोष के साथ यात्रा शुरू

KNEWS DESK- उत्तराखंड के पवित्र केदारनाथ धाम के कपाट आज विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए, जिसके साथ ही वार्षिक यात्रा का औपचारिक शुभारंभ हो गया। सुबह शुभ मुहूर्त में मंदिर के द्वार खुलते ही पूरा परिसर “हर-हर महादेव” और “जय बाबा केदार” के जयघोषों से गूंज उठा। इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु पहले ही धाम पहुंच चुके थे।

प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस अवसर पर केदारनाथ पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और राज्य तथा देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने यात्रा की सुचारू व्यवस्था के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इस बार मंदिर को लगभग 51 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिसकी छटा ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कपाट खुलने से पहले बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ से रवाना होकर कठिन 17 किलोमीटर की पैदल यात्रा तय करते हुए केदारपुरी पहुंची। यात्रा मार्ग में जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और बेस कैंप जैसे प्रमुख पड़ावों से होकर डोली धाम तक पहुंची।

धाम में पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया। मंदिर की परिक्रमा के बाद डोली को भंडार गृह में स्थापित किया गया, जहां विधिवत पूजा संपन्न हुई। इस दौरान सैन्य बैंड की मधुर धुनों और डमरू की गूंज से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।

यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस और आईटीबीपी के जवानों को तैनात किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कपाट खुलने के साथ ही श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए उमड़ पड़े और भक्ति में लीन नजर आए।

इस शुभ अवसर पर बदरी-केदार मंदिर समिति के पदाधिकारी, पुजारीगण, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिससे पूरा धाम श्रद्धा और आस्था के रंग में रंगा दिखाई दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *