KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल करते हुए रविवार देर रात 40 IAS अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस व्यापक बदलाव में 15 जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को बदला गया है, साथ ही कई अहम विभागों में शीर्ष स्तर पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस कदम को शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और परिणाममुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सबसे ज्यादा चर्चा परिवहन विभाग में हुए बदलाव की हो रही है। महज सात महीने पहले परिवहन आयुक्त बनीं किंजल सिंह को हटाकर माध्यमिक शिक्षा विभाग का सचिव बना दिया गया है। माना जा रहा है कि विभागीय स्तर पर तालमेल की कमी इसके पीछे एक कारण हो सकती है। उनकी जगह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे आशुतोष निरंजन को नया परिवहन आयुक्त नियुक्त किया गया है।
वहीं उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) में भी बड़ा बदलाव हुआ है। प्रबंध निदेशक पंकज कुमार को पद से हटा दिया गया है, जो मार्च 2021 से इस पद पर कार्यरत थे। उनकी जगह नितिश कुमार को नया एमडी बनाया गया है। इसके अलावा कई जिलों में अनुभवी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को पहली बार DM बनने का अवसर मिला है।
अनुभवी अधिकारियों में मनीष बंसल को सहारनपुर से आगरा, गौरांग राठी को उन्नाव से झांसी, और कुमार हर्ष को सुल्तानपुर से बुलंदशहर भेजा गया है। इसी तरह अरविंद कुमार चौहान, निधि गुप्ता वत्स, घनश्याम मीना, अंजनी कुमार सिंह और इंद्रमणि त्रिपाठी को भी नए जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पहली बार जिलाधिकारी बने अधिकारियों में ब्रजेश कुमार को औरैया, आलोक यादव को शामली, अभिषेक गोयल को हमीरपुर, इंद्रजीत सिंह को सुल्तानपुर, अन्नपूर्णा गर्ग को श्रावस्ती, नितिन गौड़ को अमरोहा और सरनजीत कौर ब्रोका को रायबरेली का DM बनाया गया है। इन नियुक्तियों को प्रशासन में नए दृष्टिकोण और ऊर्जा लाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
इसके अलावा मंडल और शासन स्तर पर भी अहम बदलाव किए गए हैं। दुर्गाशक्ति नागपाल को प्रमोट कर देवीपाटन मंडल का आयुक्त बनाया गया है। अरविंद मल्लपा बांगरी को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव और श्रुति को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम का एमडी बनाया गया है। हर्षिता माथुर को महिला एवं बाल विकास विभाग में निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार ने पांच जिलों में मुख्य विकास अधिकारियों (CDO) के भी तबादले किए हैं, जिनमें श्रुति शर्मा (हापुड़), गामिनी सिंगला (सुल्तानपुर), सुनील कुमार धनवता (बहराइच), पूजा साहू (अमेठी) और रामेश्वर सुधाकर सबन्नवाड (झांसी) शामिल हैं। इसके साथ ही अन्य कई अधिकारियों को भी विभिन्न प्रशासनिक और विकास प्राधिकरणों में नई भूमिकाएं दी गई हैं।
यह व्यापक प्रशासनिक फेरबदल संकेत देता है कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और विकास कार्यों को तेज करने के लिए लगातार संरचनात्मक बदलाव कर रही है।