छत्तीसगढ़ः वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर विस्फोट, 40 से अधिक मजदूर घायल, कई के मौत की आशंका

डिजिटल डेस्क- छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले से एक बड़े औद्योगिक हादसे की खबर सामने आई है, जहां सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे अचानक बॉयलर फटने से अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना जबरदस्त था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और कुछ ही पलों में प्लांट परिसर चीख-पुकार से गूंज उठा। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में करीब 40 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को आनन-फानन में एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं सूत्रों के हवाले से 4 से 5 मजदूरों की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

हादसे के वक्त बड़ी संख्या में मजदूर मौजूद थे

हादसे के वक्त प्लांट में बड़ी संख्या में मजदूर ड्यूटी पर तैनात थे। जैसे ही बॉयलर फटा, पूरे इलाके में भगदड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज धमाके के बाद धुएं और धूल का गुबार छा गया, जिससे कुछ देर तक कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। मजदूर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके के लिए रवाना हो गए। राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। प्लांट के अंदर मलबा हटाने का काम जारी है और आशंका जताई जा रही है कि कुछ और मजदूर अभी भी मलबे में फंसे हो सकते हैं।

आनन-फानन में शुरू किया गया बचाव अभियान

स्थानीय प्रशासन ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। साथ ही, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं, जो स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई हैं। घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके, इसके लिए आसपास के अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। हादसे के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति साफ नहीं हो पाई है, लेकिन शुरुआती जांच में इसे तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी से जोड़कर देखा जा रहा है। विशेषज्ञों की टीम को भी जांच के लिए बुलाया जा सकता है, ताकि विस्फोट के असली कारणों का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *