बिहार को मिला नया मुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी होंगे 24वें सीएम, कल लेंगे शपथ

डिजिटल डेस्क- बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। सम्राट चौधरी को भारतीय जनता पार्टी विधायक दल का नेता चुन लिया गया है और अब वह राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। इसके साथ ही लंबे समय से जारी सस्पेंस खत्म हो गया है। सम्राट चौधरी कल यानी 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे लोकभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ दो उपमुख्यमंत्री भी शपथ लेंगे। विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर सहमति बनी, जिसके बाद औपचारिक ऐलान किया गया। अब वह राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इस मौके पर कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिनमें शिवराज सिंह चौहान और अन्य भाजपा नेता शामिल थे। सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव विजय सिन्हा ने रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।

20 वर्षों तक बिहार की राजनीति में सक्रिय रहने वाले नीतीश कुमार के अध्याय का अंत

इस बदलाव के साथ ही नीतीश कुमार के लंबे कार्यकाल का अंत हो गया। करीब 20 वर्षों तक बिहार की राजनीति में केंद्रीय भूमिका निभाने वाले नीतीश कुमार ने हाल ही में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था और राज्यसभा सदस्य के रूप में नई भूमिका संभाली है। सम्राट चौधरी ने विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद कहा कि यह उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि जनता की सेवा का अवसर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करेंगे और बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयाम तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नीतीश कुमार का मार्गदर्शन मिलता रहेगा, जो उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा। केंद्रीय नेता राजीव प्रताप रूडी ने इस मौके को बिहार की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए सत्ता का हस्तांतरण करना नीतीश कुमार के बड़े कद को दर्शाता है और उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। वहीं भाजपा नेता राजू कुमार सिंह ने उम्मीद जताई कि सम्राट चौधरी भी सभी सहयोगियों को साथ लेकर चलेंगे और एनडीए को मजबूत बनाएंगे।

जाने-माने समाजवादी नेता के पुत्र हैं सम्राट चौधरी

सम्राट चौधरी के राजनीतिक सफर की बात करें तो उनका जन्म 16 नवंबर 1968 को हुआ था। उनके पिता शकुनी चौधरी राज्य के जाने-माने समाजवादी नेता रहे हैं। राजनीतिक विरासत के कारण सम्राट चौधरी को शुरुआत से ही राजनीति का अनुभव मिला। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) से की थी और बाद में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के साथ भी जुड़े। 2014 में जब जीतन राम मांझी को मुख्यमंत्री बनाया गया था, तब सम्राट चौधरी उनकी सरकार में मंत्री भी रहे। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा और संगठन में लगातार सक्रिय भूमिका निभाते रहे। 2015 के बाद से उन्होंने भाजपा को मजबूत करने में अहम योगदान दिया और प्रदेश अध्यक्ष समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।

उपेंद्र कुशवाहा समेत अन्य नेताओं ने दी बधाई

सम्राट चौधरी बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। खास बात यह है कि वह उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए हैं, जो पहले उपमुख्यमंत्री रहे और अब मुख्यमंत्री बन रहे हैं। इससे पहले कर्पूरी ठाकुर ही ऐसे नेता थे, जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की थी। इस बीच, उपेंद्र कुशवाहा समेत कई नेताओं ने सम्राट चौधरी को बधाई दी है और उनके नेतृत्व में बिहार के विकास की उम्मीद जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *