KNEWS DESK – फिल्म धुरंधर की सफलता के बीच अब एक नया विवाद सामने आ गया है, जिसने मेकर्स की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म के दोनों पार्ट बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन अब कहानी के एक किरदार को लेकर कानूनी पेंच फंसता नजर आ रहा है।
दरअसल, फिल्म में संजय दत्त ने एसपी असलम चौधरी का किरदार निभाया है, जिसे एक पाकिस्तानी अधिकारी से प्रेरित बताया गया है। इस पर अब उस अधिकारी की पत्नी नौरीन असलम ने आपत्ति जताई है और मेकर्स पर बिना अनुमति कहानी दिखाने का आरोप लगाया है।
25 करोड़ की कानूनी मांग
नौरीन असलम ने साफ कहा है कि फिल्म बनाने से पहले उनकी या उनके परिवार की कोई सहमति नहीं ली गई। उनका दावा है कि फिल्म में कुछ घटनाओं को गलत तरीके से दिखाया गया है, जिससे परिवार की छवि पर असर पड़ सकता है। इसी के चलते उन्होंने आदित्य धर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लीगल नोटिस भेजने की तैयारी कर ली है और 25 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है।
पहले की थी तारीफ, अब आपत्ति
दिलचस्प बात यह है कि फिल्म के सीक्वल रिलीज के दौरान नौरीन ने संजय दत्त की एक्टिंग की तारीफ भी की थी और कई सीन को सही बताया था। लेकिन अब कहानी के कुछ हिस्सों पर उन्होंने नाराजगी जताई है।
नौरीन का कहना है कि फिल्म ने सैकड़ों करोड़ की कमाई की है, ऐसे में 25 करोड़ की मांग ज्यादा नहीं है। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें पहले धमकियां मिल चुकी हैं, इसलिए वे इस मामले को गंभीरता से आगे बढ़ा रही हैं।