योगी कैबिनेट ने शिक्षामित्रों और अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय बढ़ाने को दी मंजूरी, 25 लाख नए टैबलेट भी होंगे वितरित

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में शिक्षामित्रों और अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव मंजूर कर लिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि अब शिक्षामित्रों को 18,000 रुपये और अंशकालिक अनुदेशकों को 17,000 रुपये प्रतिमाह दिया जाएगा। इससे पहले शिक्षामित्रों को 10,000 रुपये और अनुदेशकों को 9,000 रुपये प्रतिमाह मिलता था।

बैठक के बाद बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह बढ़ा हुआ मानदेय 1 मई 2026 से लागू होगा। उन्होंने कहा कि 2017 में भाजपा सरकार के आने पर शिक्षामित्रों का मानदेय 3,500 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये किया गया था और अब इसे 18,000 रुपये किया जा रहा है। प्रदेश में 27,000 से अधिक अंशकालिक अनुदेशक कार्यरत हैं, जिनका मानदेय भी बढ़ाकर 17,000 रुपये किया गया है।

बैठक में कुल 22 प्रस्तावों पर मंत्रिपरिषद ने सहमति दी। इनमें एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव 25 लाख नए टैबलेट की खरीद का भी था, जिन्हें छात्रों में वितरित किया जाएगा। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि प्रदेश में अब तक 60 लाख स्मार्टफोन और टैबलेट छात्रों को दिए जा चुके हैं। नए टैबलेट वितरित होने के बाद छात्रों को डिजिटल शिक्षा के बेहतर साधन मिलेंगे।

इस निर्णय से न केवल शिक्षकों और अनुदेशकों का आर्थिक लाभ होगा, बल्कि छात्रों को भी तकनीकी शिक्षा और डिजिटल साधनों का लाभ मिलेगा। योगी सरकार ने यह कदम शिक्षा के क्षेत्र में सुधार और कर्मचारियों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए उठाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *