डिजिटल डेस्क- महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। दिंडोरी कस्बे में शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पानी से भरे गहरे कुएं में जा गिरी। इस भीषण हादसे में कुल 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक ही परिवार के 6 मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब दरगुडे परिवार एक निजी कोचिंग क्लास के कार्यक्रम से लौट रहा था। देर रात का समय होने के कारण सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं थी। इसी दौरान अचानक चालक का कार से नियंत्रण छूट गया और वाहन सीधे कुएं में जा गिरा। कुएं में पानी भरा होने के कारण किसी को भी बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
6 बच्चों की मौत से परिवार सदमे में
हादसे में जान गंवाने वालों में सुनील दरगुडे, उनकी पत्नी और उनकी बेटी भी शामिल हैं। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि मृतकों में 6 बच्चे भी हैं, जिनमें एक 7 साल की बच्ची भी शामिल है। एक ही परिवार के इतने लोगों की एक साथ मौत ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। कुएं की गहराई और उसमें भरे पानी के कारण राहत और बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा। कार को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी।
NDRF की टीम ने कड़ी मशक्कत कर कुएं से निकाले शव
काफी मशक्कत के बाद वाहन को कुएं से बाहर निकाला गया। इस दौरान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम ने भी बचाव अभियान में अहम भूमिका निभाई। बचाव दल ने एक-एक कर सभी शवों को कुएं से बाहर निकाला और उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव के लोग गहरे सदमे में हैं और पीड़ित परिवार के घर पर लोगों का तांता लगा हुआ है।