डिजिटल डेस्क- आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से पहले सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी का ‘आरोप पत्र’ जारी किया, जिसे पार्टी ने ‘अभियोगनामा’ नाम दिया है। इस मौके पर पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य भी मौजूद रहे। कोलकाता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आगामी चुनाव को “डर और विश्वास के बीच की लड़ाई” करार देते हुए कहा कि यह चुनाव राज्य की दिशा और दशा तय करेगा।
पिछले 15 वर्षों से बंगाल में अराजकता, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति- अमित शाह
अमित शाह ने ‘अभियोगनामा’ जारी करते हुए आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में पश्चिम बंगाल में अराजकता, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति हावी रही है। उन्होंने कहा, “बंगाल आज घुसपैठियों, अपराधियों और भ्रष्टाचारियों का अड्डा बन गया है, जिससे राज्य विकास की दौड़ में दशकों पीछे चला गया है।” शाह के मुताबिक, कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ी है और महिलाओं की सुरक्षा भी गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। गृह मंत्री ने विशेष रूप से सीमा सुरक्षा और घुसपैठ के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल देश का ऐसा राज्य बन गया है, जहां से अवैध घुसपैठ जारी है। उन्होंने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि असम में भाजपा सरकार बनने के बाद घुसपैठ लगभग समाप्त हो गई, लेकिन बंगाल में यह समस्या अब भी बरकरार है।
सोनार बांग्ला का सपना दिखाकर जनता को गुमराह किया गया, अमित शाह
अमित शाह ने TMC सरकार पर ‘सोनार बांग्ला’ का सपना दिखाकर जनता को गुमराह करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि विकास के अभाव में राज्य “उद्योगों के लिए कब्रिस्तान” बन गया है और यहां सिंडिकेट राज और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उनके अनुसार, यह ‘अभियोगनामा’ TMC सरकार के 15 वर्षों के कुशासन का पूरा लेखा-जोखा है। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी 2011 से ही इस कथित कुशासन के खिलाफ संघर्ष कर रही है और इस बार राज्य की जनता भाजपा को पूर्ण बहुमत देने के लिए तैयार है। शाह ने विश्वास जताया कि चुनाव में भाजपा की जीत तय है और पार्टी बंगाल में नई सरकार बनाएगी।
शुभेंदु अधिकारी की सराहरना
इस दौरान अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अधिकारी ने पूरे राज्य का दौरा कर जमीनी स्तर पर जनता की समस्याओं को उठाया है और अराजकता, आर्थिक संकट और घुसपैठ जैसे मुद्दों को हर वर्ग तक पहुंचाने का काम किया है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में आयोजित किए जाएंगे। पहला चरण 23 अप्रैल और दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता जा रहा है।