डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश में ईंधन और रसोई गैस को लेकर उठ रही चिंताओं के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थिति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट में पेट्रोल, डीजल और गैस लेने के लिए लाइन में न लगें। सीएम ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय है और जरूरत के मुताबिक गैस सिलेंडर लोगों के घर तक पहुंचाए जाएंगे। सीएम योगी ने कहा कि पहले जहां एक गैस सिलेंडर एक महीने तक चलता था, अब लोग 5वें या 6वें दिन ही नया सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं। उन्होंने इसे अफवाह और अनावश्यक घबराहट का परिणाम बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ने सभी जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पहले की तरह होम डिलीवरी व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए, ताकि लोगों को लाइन में खड़े होने की जरूरत न पड़े।
नंबर आने पर गैस घर तक पहुंच जाएगी…
उन्होंने कहा, “जब आपका नंबर आएगा, रजिस्ट्रेशन कराइए, गैस आपके घर तक पहुंच जाएगी। लाइन लगाने की कोई आवश्यकता नहीं है।” मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कुछ तत्व जानबूझकर अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं और लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। सीएम योगी ने पेट्रोल और डीजल को लेकर भी संयम बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जब वास्तव में जरूरत हो तभी ईंधन लेने जाएं, अनावश्यक भीड़ से स्थिति और बिगड़ सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में जनता का सहयोग बेहद जरूरी होता है।
वैश्विक हालातों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने वैश्विक हालात का जिक्र करते हुए कहा कि मौजूदा समय में दुनिया ईरान-इजराइल संघर्ष जैसे तनावपूर्ण हालात से गुजर रही है, जिसका असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई देशों में अराजकता और अस्थिरता का माहौल है, लेकिन भारत में स्थिति नियंत्रण में है और विकास कार्य भी लगातार जारी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश सुरक्षित हाथों में है और हर चुनौती का मजबूती से सामना कर रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर वैश्विक संघर्ष लंबा खिंचता है तो इसका असर सभी पर पड़ सकता है, इसलिए लोगों को मानसिक रूप से तैयार रहना होगा।
आपदा का मिलकर सामना करना सच्ची राष्ट्रभक्ति
सीएम योगी ने कहा कि जब भी कोई आपदा या चुनौती आती है, तो सरकार और जनता को मिलकर उसका सामना करना चाहिए। यही सच्ची राष्ट्रभक्ति है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सरकार के फैसलों पर भरोसा रखें और किसी भी तरह की अफवाह या दुष्प्रचार का हिस्सा न बनें। उन्होंने कहा कि देश में नवरात्रि जैसे उत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाए जा रहे हैं, जो यह दर्शाता है कि भारत में स्थिति सामान्य और सकारात्मक बनी हुई है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और आम जनता को किसी तरह की घबराहट में आने की जरूरत नहीं है।