लखनऊ के सुगामऊ इलाके में मानसिक रूप से बीमार बताई जा रही एक महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट और बर्बरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि चोरी के शक में महिला को रस्सी से बांधकर पीटा गया और उसके शरीर के संवेदनशील हिस्सों पर भी हमला किया गया। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Knews Desk – उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक मानसिक रूप से बीमार महिला के साथ कथित तौर पर बर्बरता का मामला सामने आया है। घटना इंदिरानगर थाना क्षेत्र के सुगामऊ स्थित बग्गी झोपड़ी की बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ लोग महिला के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि महिला पर चोरी करने का शक था। आरोप है कि कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना देने के बजाय खुद ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला को रस्सियों से बांध दिया गया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि उसके शरीर के संवेदनशील हिस्सों पर भी लात-घूंसे मारे गए।
चोरी के शक में खुद ही कानून हाथ में लेने का आरोप
आरोपियों की ओर से दावा किया गया कि उन्होंने महिला को चोरी करते हुए पकड़ा था। हालांकि, पुलिस को सूचना देने के बजाय महिला को कथित तौर पर खुद सजा देने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपियों व पीड़ित महिला की पहचान की प्रक्रिया शुरू की।
वायरल वीडियो में महिला के आसपास बड़ी संख्या में लोग दिखाई दे रहे हैं। महिला खुद को बचाने के लिए चीखती नजर आती है। वीडियो में उसके साथ मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है। घटना के वीडियो ने महिला की सुरक्षा और भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
इंदिरानगर इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह के मुताबिक, शुरुआती तौर पर यह मामूली मारपीट का मामला बताया गया है और दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को भी चोट लगने की बात कही गई है। वहीं, एडीसीपी पूर्वी अमोल मुरकुट ने दो आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।