मिडिल ईस्ट तनाव के बीच कतर में सैन्य हेलीकॉप्टर क्रैश, 6 की मौत, एक अब भी लापता

डिजिटल डेस्क- मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच कतर से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। रविवार को कतर के क्षेत्रीय जल में सेना का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है। कतर के गृह मंत्रालय ने इस हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि हेलीकॉप्टर नियमित ड्यूटी पर था, तभी अचानक तकनीकी खराबी आने से वह समुद्र में गिर गया। हेलीकॉप्टर में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें से छह की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति की तलाश अभी जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह सैन्य हेलीकॉप्टर खाड़ी क्षेत्र के समुद्र के ऊपर उड़ान भर रहा था। अचानक तकनीकी गड़बड़ी के चलते उसका नियंत्रण बिगड़ गया और वह सीधे समुद्र में जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।

दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू

कतर के गृह मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय दोनों ने संयुक्त रूप से बयान जारी कर कहा है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, तकनीकी खराबी इस हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है, लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा। घटना के बाद कतर की विशेष रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और समुद्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। लापता व्यक्ति की तलाश के लिए हेलीकॉप्टर, नौकाओं और गोताखोरों की मदद ली जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि बचाव कार्य तेजी से जारी है और हर संभव प्रयास किया जा रहा है कि लापता व्यक्ति का जल्द पता लगाया जा सके। यह हादसा ऐसे समय पर हुआ है, जब पूरे मिडिल ईस्ट में हालात पहले से ही तनावपूर्ण बने हुए हैं।

अमेरिका और इजरायल में लगातार हो रहे हैं हमले

28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद क्षेत्र में लगातार तनाव बढ़ा हुआ है। कतर भी इस दौरान कई बार ड्रोन और मिसाइल हमलों के खतरे का सामना कर चुका है, जिससे सुरक्षा स्थिति पहले ही संवेदनशील बनी हुई है। ऐसे माहौल में सैन्य हेलीकॉप्टर का इस तरह दुर्घटनाग्रस्त होना कई सवाल खड़े करता है। हालांकि, अधिकारियों ने साफ किया है कि फिलहाल इस हादसे को तकनीकी खराबी से जोड़कर देखा जा रहा है और किसी बाहरी हमले या साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा क्षेत्रीय तनाव के बीच सुरक्षा और सैन्य गतिविधियों पर अतिरिक्त दबाव रहता है, जिससे इस तरह की घटनाओं का जोखिम भी बढ़ जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *