KNEWS DESK- 90 के दशक की मशहूर अभिनेत्री ममता कुलकर्णी एक बार फिर चर्चा में हैं। संन्यास लेने के बाद साध्वी वेश में नजर आने वाली ममता हाल ही में गोवा में मॉर्डन कपड़ों में दिखाई दीं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर बहस छिड़ गई है।
हाल ही में सामने आए वीडियो में ममता कुलकर्णी अपने दोस्तों और परिवार के साथ गोवा में समय बिताती नजर आईं। इस दौरान उनका लुक पूरी तरह बदला हुआ था। जहां पहले वह साध्वी वेश में दिखती थीं, वहीं अब वह मॉर्डन आउटफिट में नजर आईं।
ममता के इस बदले अंदाज को देखकर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। कुछ यूजर्स ने उनके संन्यास को लेकर सवाल उठाए, तो कुछ ने उनके नए लुक पर तंज कसे। एक यूजर ने लिखा, “उतर गया भूत संन्यासी जी”, वहीं दूसरे ने कहा, “आप तो संन्यास ले चुकी थीं, अब फिर से ग्लैमर में वापसी?”
इससे पहले ममता कुलकर्णी एक टीवी शो ‘लाफ्टर शेफ’ में साड़ी पहनकर नजर आई थीं, जहां उनका लुक साध्वी अवतार से अलग था। उस समय भी उनके बदले अंदाज ने लोगों को हैरान कर दिया था।
गौरतलब है कि ममता कुलकर्णी ने पिछले साल महाकुंभ में संन्यास लिया था और किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर भी बनी थीं। हालांकि, बाद में विरोध के चलते उन्होंने यह पद छोड़ दिया। इसके बाद उन्हें कई धार्मिक कार्यक्रमों में साध्वी वेश में देखा गया।
सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज है कि ममता कुलकर्णी एक बार फिर से अभिनय की दुनिया में वापसी कर सकती हैं। हालांकि, इस बारे में उन्होंने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
अगर उनके करियर की बात करें, तो ममता कुलकर्णी 90 के दशक की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शुमार थीं। उन्होंने करण अर्जुन, क्रांतिवीर, सबसे बड़ा खिलाड़ी और चाइना गेट जैसी फिल्मों में काम किया।
अपने बोल्ड अंदाज, फैशन और हिट गानों की वजह से वह उस दौर की सबसे चर्चित अभिनेत्रियों में से एक थीं।