डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निशातगंज इलाके से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बहू ने अपने अवैध संबंधों में बाधा बन रही 69 वर्षीय सास की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान निर्मला देवी के रूप में हुई है, जो सचिवालय से रिटायर्ड थीं। वह अपने बेटे त्रिदेश, बहू रंजना और पोते-पोतियों के साथ निशातगंज गली नंबर-3 में रहती थीं। घटना शनिवार दोपहर करीब 4 बजे की बताई जा रही है।
पोते के घर पहुंचने पर मृत मिली दादी
घटना का खुलासा तब हुआ जब निर्मला देवी का पोता आदित्य, जो डिलीवरी बॉय का काम करता है, ड्यूटी से लौटकर घर पहुंचा। दरवाजा नहीं खुलने पर उसने किसी तरह अंदर प्रवेश किया, जहां उसने अपनी दादी को कमरे में मृत अवस्था में पाया। उनके हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे और गले पर दबाव के स्पष्ट निशान थे। यह दृश्य देख आदित्य के होश उड़ गए और उसने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। आदित्य की आवाज सुनकर ऊपर रहने वाले किराएदार पिंटू मौर्य तुरंत नीचे आए और पुलिस को सूचना दी। साथ ही मृतका के बेटे त्रिदेश को भी घटना की जानकारी दी गई। त्रिदेश उस समय बिजली विभाग में संविदा कर्मी के तौर पर ड्यूटी पर थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरुआती जांच में ही बहू रंजना की भूमिका संदिग्ध पाई। पूछताछ के दौरान सामने आया कि रंजना का किसी बाहरी व्यक्ति के साथ अवैध संबंध था, जिसका विरोध निर्मला देवी लगातार कर रही थीं। पुलिस के अनुसार, इसी वजह से बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सास की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया।
वारदात के समय छोटी बेटी थी घर में मौजूद
बताया जा रहा है कि वारदात के समय घर में रंजना और उसकी छोटी बेटी मौजूद थीं, जबकि बड़ी बेटी अपने ननिहाल उन्नाव गई हुई थी। पुलिस ने शक के आधार पर रंजना को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। लखनऊ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य, जैसे उंगलियों के निशान और अन्य सबूत इकट्ठा किए हैं। पुलिस अब रंजना के कथित प्रेमी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है, जो इस वारदात में मुख्य साजिशकर्ता माना जा रहा है। पड़ोसियों के अनुसार, निर्मला देवी परिवार की मुखिया थीं और घर की देखभाल पूरी जिम्मेदारी से करती थीं। उनकी अचानक और इस तरह से हुई मौत ने पूरे परिवार और मोहल्ले को झकझोर कर रख दिया है।