मथुरा में ‘फरसा वाले बाबा’ केस में नया खुलासा, पुलिस ने घने कोहरे को बताया हादसे की वजह, गोतस्करी और हत्या से किया इनकार

डिजिटल डेस्क- मथुरा के थाना कोसीकलां क्षेत्र में गोरक्षक चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने स्पष्ट किया है कि अब तक की जांच में यह मामला हत्या या गोतस्करी से जुड़ा नहीं, बल्कि एक सड़क दुर्घटना प्रतीत हो रहा है। एसएसपी के अनुसार, यह घटना रात करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई, जब ‘फरसा वाले बाबा’ ने नागालैंड नंबर के एक कंटेनर को संदिग्ध मानकर रोकने की कोशिश की। उस समय इलाके में घना कोहरा था, जिससे दृश्यता काफी कम थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे राजस्थान नंबर के तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाबा की मौके पर ही मौत हो गई।

संदिग्ध वाहन में किराने का सामान था

पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस कंटेनर को संदिग्ध समझा गया था, उसमें कोई अवैध सामग्री नहीं थी। अधिकारियों के मुताबिक, उस कंटेनर में साबुन, सर्फ और अन्य किराना सामान लदा हुआ था। वहीं, राजस्थान नंबर के ट्रक में तार (वायर) भरे हुए थे। इस घटना में ट्रक चालक और परिचालक भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। इस मामले में अमिताभ यश ने भी बयान देते हुए कहा कि प्रारंभिक जांच के आधार पर यह पूरी तरह से एक दुर्घटना लग रही है। उन्होंने बताया कि ‘फरसा वाले बाबा’ ने संदेह के आधार पर ट्रक को रोका था, लेकिन पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। चालक को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। उन्होंने साफ कहा कि अब तक हत्या जैसा कोई तथ्य सामने नहीं आया है।

घटना के बाद आक्रोशित हुए लोग, पुलिस पर किया पथराव

घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया था। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और दिल्ली-आगरा हाईवे को जाम कर दिया। कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव भी किया, जिससे स्थिति बिगड़ गई। पुलिस ने हालात को काबू में करने के लिए बल प्रयोग किया और जाम को खुलवाया। एसएसपी ने बताया कि पथराव और जाम लगाने वालों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन पुलिस सतर्क है। इस घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *