KNEWS DESK – बॉलीवुड के ‘किंग’ शाहरुख खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाका करने की तैयारी में हैं। साल 2023 में पठान और जवान जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बाद अब उनकी अगली फिल्म किंग को लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है।
‘किंग’ का बड़ा अपडेट
हाल ही में सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहरुख खान जल्द ही फिल्म ‘किंग’ के अगले शेड्यूल की शूटिंग शुरू करने वाले हैं। इस बार फिल्म में एक बेहद दमदार एक्शन सीक्वेंस शूट किया जाएगा, जो अब तक के सबसे बड़े सीन्स में से एक बताया जा रहा है।
10 रशियन फाइटर्स के साथ एक्शन
डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद इस फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, इस खास एक्शन सीन के लिए 10 रशियन फाइटर्स को बुलाया गया है। यह सीक्वेंस मुंबई के विले पार्ले स्थित गोल्डन टोबैको स्टूडियो में शूट किया जाएगा, जहां एक विशाल सेट तैयार किया गया है। सेट को एक पुराने और बंद पड़े मिल जैसा डिजाइन किया गया है, जिससे सीन को और रियलिस्टिक लुक मिले।
एक हफ्ते तक चलेगी शूटिंग
बताया जा रहा है कि 23 मार्च से शुरू होने वाली इस शूटिंग को पूरा होने में करीब एक हफ्ते का समय लगेगा। इस दौरान शाहरुख खान हाई-ऑक्टेन फाइट सीक्वेंस करते नजर आएंगे। स्टंट टीम पिछले कई हफ्तों से इस सीन की तैयारी में जुटी हुई है, ताकि स्क्रीन पर एकदम असली और दमदार एक्शन दिखाया जा सके।
डांस सीक्वेंस की भी तैयारी
एक्शन के अलावा फिल्म में एक भव्य डांस सीक्वेंस की भी प्लानिंग की गई है, जिसकी शूटिंग अगले महीने हो सकती है। डायरेक्टर इस फिल्म को एक परफेक्ट एंटरटेनमेंट पैकेज बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते।
‘किंग’ में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी और सुहाना खान भी नजर आएंगी। खास बात यह है कि सुहाना के एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग हाल ही में पूरी की गई है।