डिजिटल डेस्क- भारतीय जनता पार्टी ने आगामी 2026 विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी तैयारियों को तेज करते हुए शनिवार को केरल और पुडुचेरी के लिए उम्मीदवारों की नई सूची जारी कर दी है। जहां केरल के लिए पार्टी ने अपनी तीसरी सूची घोषित की है, वहीं पुडुचेरी के लिए पहली सूची में 9 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। केरल विधानसभा चुनाव के लिए जारी तीसरी सूची में भाजपा ने 11 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इनमें पीरुमेड से वी. रतीश, पुथुपल्ली से रवींद्रनाथ वाकथानम, मावेलिक्करा (एससी) से अजीमोन और अडूर (एससी) से पंडालम प्रतापन जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा चावरा से के.आर. राजेश, चादायमंगलम से आर.एस. अरुण राज, चिरायिनकीझु (एससी) से बी.एस. अनूप, तिरुवनंतपुरम से करमना जयन, अरुविक्करा से विवेक गोपन, कोवलम से टी.एन. सुरेश और नेय्याट्टिनकारा से एस. राजशेखरन नायर को मैदान में उतारा गया है।
140 सीटों में से 71 पर साबित होगा बहुमत
केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 71 सीटों की जरूरत होती है। राज्य में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ एलडीएफ और विपक्षी यूडीएफ के बीच रहता है। वर्तमान में पिनाराई विजयन के नेतृत्व में एलडीएफ सरकार सत्ता में है और लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने की कोशिश कर रही है। वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ सत्ता में वापसी के प्रयास में जुटा है। भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए इस बार राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करने के इरादे से चुनावी मैदान में उतर रहा है। दूसरी ओर, पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 9 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) द्वारा उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया गया। इस अहम बैठक में नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह और अमित शाह सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
16 सीटों पर पुडुचेरी में मिलेगा बहुमत
पुडुचेरी की 30 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 16 सीटों की आवश्यकता होती है। यहां 9 अप्रैल को मतदान होगा और 4 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे। भाजपा ने मन्नाडिपेट से ए. नमस्सिवायम, औसुडु (एससी) से ई. थीप्पैनथन, कलापेट से पी.एम.एल. कल्याणसुंदरम, राजभवन से वी.पी. रामलिंगम, मुदलियारपेट से ए. जॉनकुमार, मनावेली से एम्बलम आर. सेल्वम, तिरुनाल्लर से जी.एन.एस. राजशेखरन, नेरावी-टी.आर. पट्टिनम से टीकेएसएम मीनाक्षीसुंदरम और माहे से ए. दिनेशन को उम्मीदवार बनाया है। गौरतलब है कि पुडुचेरी में फिलहाल एनडीए गठबंधन की सरकार है, जिसमें AINRC और भाजपा शामिल हैं। पार्टी इस बार अपने प्रदर्शन को और बेहतर करने और सत्ता को बरकरार रखने के लक्ष्य के साथ चुनावी मैदान में उतरी है।