इंदौर में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से 7 लोगों की दर्दनाक मौत, कई घायल

KNEWS DESK- इंदौर के तिलक नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक रिहायशी मकान में लगी भीषण आग ने 7 लोगों की जान ले ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ, जिसकी वजह घर के बाहर चार्ज पर लगी एक इलेक्ट्रिक गाड़ी बताई जा रही है।

घटना देर रात की बताई जा रही है, जब तीन मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय मकान में करीब 10 से अधिक लोग मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी।

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि कई लोग अंदर ही फंस गए। बचाव दल ने तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन 7 लोगों को नहीं बचाया जा सका।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद घर के अंदर से मदद की गुहार और चीख-पुकार सुनाई दे रही थी, लेकिन घना धुआं और तेज लपटें राहत कार्य में बड़ी बाधा बन गईं।

इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि यह मकान मनोज नाम के एक व्यापारी का था। उन्होंने अपने घर के बाहर इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग पर लगाया हुआ था, जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ और आग तेजी से फैल गई।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। प्रशासन ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के समुचित इलाज का आश्वासन दिया है।

यह घटना एक बार फिर इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग के दौरान सुरक्षा उपायों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *