अनुराग डोभाल की फिर बिगड़ी तबीयत, फेफड़ों में इंफेक्शन से बढ़ी चिंता

KNEWS DESK – यूट्यूबर और अनुराग डोभाल, जो रियलिटी शो बिग बॉस से भी पहचान बना चुके हैं, इन दिनों अपनी निजी जिंदगी और स्वास्थ्य को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में एक कार हादसे के बाद उनकी तबीयत को लेकर नया अपडेट सामने आया है, जिसने फैंस की चिंता बढ़ा दी है।

तेज रफ्तार में हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम लाइव के दौरान अनुराग डोभाल की कार करीब 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी, तभी अचानक उनकी गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इससे पहले अनुराग ने एक वीडियो जारी कर अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई खुलासे किए थे। उन्होंने अपने माता-पिता और भाई पर मानसिक दबाव बनाने का आरोप लगाया था। अनुराग का कहना था कि उनके परिवार वाले उनकी इंटरकास्ट मैरिज के खिलाफ थे और उनकी पत्नी रितिका को घर में स्वीकार नहीं किया गया। वहीं उन्होंने अपने भाई कलम डोभाल पर संपत्ति से जुड़ा आरोप भी लगाया था।

हालांकि उनके भाई कलम ने इन आरोपों को गलत बताते हुए सोशल मीडिया पर कई सबूत साझा किए और कहा कि अनुराग के दावे सच्चाई से परे हैं।

फिर बिगड़ी तबीयत

अनुराग डोभाल के मैनेजर ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर उनका नया हेल्थ अपडेट साझा किया। उन्होंने बताया कि सुबह तक उनकी स्थिति स्थिर थी, लेकिन बाद में अचानक उनकी हालत गंभीर हो गई। हादसे के दौरान उनके फेफड़ों को भी नुकसान पहुंचा था, जिसके कारण उनमें संक्रमण फैल गया और डॉक्टरों ने निमोनिया होने की पुष्टि की है।

इससे पहले मैनेजर ने जानकारी दी थी कि सर्जरी के बाद अनुराग को आईसीयू से बाहर शिफ्ट कर दिया गया था और उनकी हालत में सुधार हो रहा था। लेकिन अब दोबारा तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई है।

पत्नी और टीम अस्पताल में मौजूद

फिलहाल अनुराग डोभाल अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उनके साथ उनकी पत्नी रितिका, टीम के सदस्य और परिवार के कुछ लोग मौजूद हैं। वहीं रितिका भी सोशल मीडिया पर लगातार भावुक और क्रिप्टिक पोस्ट साझा कर रही हैं, जिससे फैंस की चिंता और बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *