‘धुरंधर 2’ का ऑफर ठुकराने पर अनिल कपूर ने किया रिएक्ट, कहा – ‘ये मेरा ही नुकसान, लेकिन…’

KNEWS DESK – रणवीर सिंह स्टारर फिल्म धुरंधर 2 की रिलीज को लेकर फैंस के साथ-साथ पूरी फिल्म इंडस्ट्री की नजरें टिकी हुई हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह है फिल्म के निर्देशक आदित्य धर का दमदार निर्देशन, जिसने पहली फिल्म से ही दर्शकों को काफी प्रभावित किया था। यही कारण है कि कई बड़े सितारे भविष्य में उनके साथ काम करने की इच्छा जता चुके हैं।

हालांकि कम ही लोग जानते हैं कि इस फिल्म में अनिल कपूर भी नजर आ सकते थे। निर्देशक आदित्य धर ने उन्हें फिल्म में एक कैमियो रोल ऑफर किया था, लेकिन अभिनेता ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया। हाल ही में एक इंटरव्यू में अनिल कपूर ने खुद इस फैसले के पीछे की असली वजह बताई।

डेट्स की वजह से ठुकराया कैमियो

अनिल कपूर ने बताया कि आदित्य धर ने उन्हें धुरंधर 2 में एक छोटा सा कैमियो करने के लिए संपर्क किया था। हालांकि उस समय उनकी डेट्स पहले से ही किसी दूसरे फिल्ममेकर को दी जा चुकी थीं। ऐसे में उन्होंने प्रोफेशनल कमिटमेंट को प्राथमिकता देते हुए फिल्म में काम करने से मना कर दिया।

अनिल कपूर ने कहा, “आदित्य चाहते थे कि मैं फिल्म में छोटा सा कैमियो करूं। मुझे यह रोल करना अच्छा लगता, लेकिन मैं पहले ही किसी दूसरे प्रोजेक्ट के लिए कमिटेड था। मैं आज जो कुछ भी हूं, वह अपने कमिटमेंट और प्रोफेशनलिज़्म की वजह से हूं। सिर्फ टैलेंट ही काफी नहीं होता।”

उन्होंने आगे कहा कि फिल्म बहुत शानदार बनने जा रही है और इसे छोड़ना उनके लिए नुकसान जैसा है, लेकिन वह अपने वादे से पीछे नहीं हटना चाहते थे।

भविष्य में साथ काम करने की उम्मीद

अनिल कपूर ने यह भी कहा कि वह भविष्य में आदित्य धर के साथ जरूर काम करना चाहेंगे। उनका मानना है कि इंडस्ट्री में प्रोफेशनलिज़्म बेहद जरूरी है और अगर वह किसी और फिल्म के लिए अपनी डेट्स दे चुके हैं तो उन्हें उसी वादे को निभाना चाहिए।

कई बड़े प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं अनिल कपूर

वर्कफ्रंट की बात करें तो अनिल कपूर इन दिनों कई बड़े प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं। उनकी फिल्म सूबेदार ओटीटी पर रिलीज हो चुकी है। इसके अलावा वह किंग में शाहरुख खान के साथ नजर आएंगे, जबकि साउथ स्टार जूनियर एनटीआर की फिल्म ड्रैगन का भी वह हिस्सा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *