KNEWS DESK – रणवीर सिंह, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और आर. माधवन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म का ट्रेलर 7 मार्च को जारी किया गया था, जिसके बाद से दर्शकों में इस फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फैंस की इसी बढ़ती दिलचस्पी को देखते हुए मेकर्स ने रिलीज से पांच दिन पहले ही फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू कर दी है।
14 मार्च की सुबह फिल्म के निर्माताओं ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी आधिकारिक घोषणा की। अब दर्शक 19 मार्च के साथ-साथ आने वाले दिनों के लिए भी अपनी टिकट पहले से बुक कर सकते हैं। खास बात यह है कि ‘धुरंधर 2’ हिंदी के अलावा तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज हो रही है, जिससे देशभर के सिनेमाघरों में इसकी एडवांस बुकिंग को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।
पेड प्रीव्यू शो से शानदार कमाई
फिल्म के रिलीज से एक दिन पहले यानी 18 मार्च को दिल्ली सहित कई बड़े शहरों में इसके पेड प्रीव्यू शो आयोजित किए जाएंगे। इन शो की बुकिंग पहले से ही शुरू हो चुकी है और दर्शकों की तरफ से काफी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
https://www.instagram.com/p/DV2Y2HSjL01/
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, पेड प्रीव्यू शो के लिए अब तक 5 लाख 44 हजार 237 टिकट बिक चुके हैं। इन टिकटों की बिक्री से फिल्म ने करीब 27.36 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। वहीं ब्लॉक सीट्स को जोड़ने पर यह आंकड़ा 32.11 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है। ये आंकड़े 14 मार्च सुबह 10 बजे तक के बताए जा रहे हैं।
पहले दिन हो सकती है बंपर ओपनिंग
पेड प्रीव्यू शो में अभी भी चार दिन का समय बाकी है और फिल्म ने पहले ही 32 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। ऐसे में ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि पेड प्रीव्यू और ओपनिंग डे के कलेक्शन को मिलाकर ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत कर सकती है। अनुमान लगाया जा रहा है कि फिल्म पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू सकती है।
टूट सकता है ‘जवान’ का रिकॉर्ड
अगर फिल्म वाकई इतना कलेक्शन करने में सफल रहती है, तो यह हिंदी सिनेमा की ओपनिंग डे कमाई का नया रिकॉर्ड बना सकती है। फिलहाल यह रिकॉर्ड शाहरुख खान की 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘जवान’ के नाम है, जिसने पहले दिन करीब 75 करोड़ रुपये की कमाई की थी।