इजराइली हमले में जख्मी मोजतबा खामेनेई, ईरान के अगले सुप्रीम लीडर बनने की चर्चा तेज

K News Desktop- मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच ईरान की सत्ता को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। ईरान के अगले सुप्रीम लीडर के संभावित दावेदार माने जा रहे मोजतबा खामेनेई के इजराइली हवाई हमले में घायल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि यह हमला 28 फरवरी को शुरू किए गए इजराइल के सैन्य अभियान ऑपरेशन लायंस रोअर के दौरान हुआ।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसी समय अमेरिका ने भी ऑपरेशन एपिक फ्यूरी नाम से सैन्य अभियान चलाया था। इन संयुक्त हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई समेत इस्लामिक रिपब्लिक के करीब 40 वरिष्ठ नेताओं की मौत होने की बात कही जा रही है।बताया जा रहा है कि इसी हमले में मोजतबा खामेनेई की पत्नी ज़हरा हद्दाद आदेल की भी मौत हो गई। वह ऐसे प्रभावशाली परिवार से आती थीं जो लंबे समय से ईरान की धार्मिक और राजनीतिक व्यवस्था से जुड़ा रहा है।

हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि 56 वर्षीय मोजतबा खामेनेई हमले के समय अपने पिता के साथ उसी परिसर में मौजूद थे या उन्हें किसी अलग हमले में निशाना बनाया गया। उनकी चोटों की गंभीरता को लेकर भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि मोजतबा खामेनेई फिलहाल सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आ रहे हैं और सुरक्षित स्थान पर चले गए हैं। इसकी वजह अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान पर जारी मिसाइल और हवाई हमले बताए जा रहे हैं। ईरान में सर्वोच्च धार्मिक और राजनीतिक पद यानी सुप्रीम लीडर का चुनाव असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स करती है। इस संस्था में कुल 88 सदस्य होते हैं और यही लोग देश के अगले सुप्रीम लीडर का चयन करते हैं। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स की बैठक हो चुकी है, जिसमें नए सुप्रीम लीडर का चुनाव भी कर लिया गया है। असेंबली के दो सदस्योंआयतुल्लाह मोहसेन हैदरी आलेकासिर और अहमद आलमोलहोदा ने इसकी जानकारी दी है। हालांकि अब तक नए सुप्रीम लीडर के नाम का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।

बताया जा रहा है कि यह बैठक ऑनलाइन आयोजित की गई, क्योंकि हाल ही में इजराइली हमलों में इस संस्था की इमारत भी नष्ट हो गई थी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मोजतबा खामेनेई को ईरान की शक्तिशाली सैन्य संस्था इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स का समर्थन हासिल है। यह संगठन लंबे समय से ईरान की सत्ता संरचना में बेहद प्रभावशाली भूमिका निभाता रहा है। नया सुप्रीम लीडर बनने वाले व्यक्ति के पास इस शक्तिशाली सैन्य संगठन पर भी नियंत्रण होगा। इस बीच अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मोजतबा खामेनेई को संभावित सुप्रीम लीडर बनाए जाने की संभावना की आलोचना की है। ट्रंप ने कहा कि अगर ऐसा होता है तो इससे क्षेत्र में जारी संघर्ष खत्म नहीं होगा।

उन्होंने कहा, “वे अपना समय बर्बाद कर रहे हैं। खामेनेई का बेटा एक कमजोर नेता है। हमें ऐसा व्यक्ति चाहिए जो ईरान में शांति और संतुलन ला सके।”

मध्य पूर्व में जारी सैन्य टकराव और ईरान की सत्ता में संभावित बदलाव ने क्षेत्रीय राजनीति को और अधिक संवेदनशील बना दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि ईरान का अगला सुप्रीम लीडर कौन बनेगा और इससे वैश्विक राजनीति पर क्या असर पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *