Farzi 2 : 3 साल बाद लौट रही ‘फर्जी’! शाहिद कपूर ने शुरू की शूटिंग, फैंस को दिया बड़ा अपडेट

KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर हाल ही में अपनी फिल्म ‘ओ रोमियो’ को लेकर चर्चा में थे। यह फिल्म 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई। विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने करीब 106 करोड़ रुपये की कमाई की, जो इसके बजट के हिसाब से कम मानी जा रही है।

हालांकि अब शाहिद कपूर अपने अगले बड़े प्रोजेक्ट को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म रिलीज हुए अभी ज्यादा समय भी नहीं हुआ है कि अभिनेता ने अपनी बहुप्रतीक्षित थ्रिलर सीरीज ‘फर्जी 2’ की शूटिंग शुरू कर दी है। इस खबर से उनके फैंस काफी उत्साहित हो गए हैं।

सोशल मीडिया पर दी खुशखबरी

शाहिद कपूर ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर कुछ तस्वीरें शेयर कर फैंस को इस नए प्रोजेक्ट की जानकारी दी। उन्होंने ब्लैक एंड व्हाइट फोटोज का एक कोलाज शेयर करते हुए लिखा, “फर्जी डे 1 शूट”।

इन तस्वीरों के सामने आते ही साफ हो गया कि मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर ‘फर्जी 2’ की शूटिंग शुरू कर दी है। इस अपडेट के बाद सोशल मीडिया पर फैंस के बीच इस सीरीज को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।

तीन साल बाद लौट रही है ‘फर्जी’

दरअसल, ‘फर्जी’ का पहला सीजन साल 2023 में अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुआ था। इस थ्रिलर सीरीज को मशहूर निर्देशक जोड़ी राज और डीके ने बनाया था। अब करीब तीन साल के इंतजार के बाद इसका दूसरा सीजन तैयार किया जा रहा है।

पहले सीजन की कहानी नकली नोटों के कारोबार, लालच और एक ईमानदार पुलिस अधिकारी के बीच की रोमांचक टकराहट पर आधारित थी। शाहिद कपूर ने इसमें सनी नाम के एक कलाकार का किरदार निभाया था, जो हालात के चलते नकली नोटों के धंधे में उतर जाता है।

दमदार स्टारकास्ट

सीरीज में शाहिद कपूर के साथ विजय सेतुपति भी अहम भूमिका में नजर आए थे, जिन्होंने ईमानदार पुलिस अधिकारी माइकल का किरदार निभाया था। इसके अलावा राशि खन्ना भी लीड रोल में दिखाई दी थीं।

पहले सीजन को दर्शकों ने काफी पसंद किया था और इसे IMDb पर 8.3 की शानदार रेटिंग भी मिली थी। ऐसे में अब फैंस को ‘फर्जी 2’ से भी काफी उम्मीदें हैं और वे इसके रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *