खामेनेई की मौत के बाद कश्मीर में सख्त पाबंदियां, दो दिन के लिए स्कूल-कॉलेज बंद

डिजिटल डेस्क- ईरान और इजराइल के बीच जारी युद्ध का असर अब भारत के जम्मू-कश्मीर तक पहुंच गया है। संयुक्त इजरायल-अमेरिका हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत की खबर के बाद कश्मीर घाटी में व्यापक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। हालात को देखते हुए प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में कड़े एहतियाती कदम उठाए हैं। कश्मीर के सभी जिलों में प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं और सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। रविवार को घाटी के कई इलाकों में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान कई जगहों पर नारेबाजी की गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार का प्राथमिक लक्ष्य प्रदेश में कानून-व्यवस्था और शांति कायम रखना है।

संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिसबल तैनात

प्रशासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, कश्मीर के सभी जिलों में धारा 144 जैसे प्रतिबंधात्मक प्रावधान लागू किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। श्रीनगर, अनंतनाग, बारामूला और पुलवामा समेत कई जिलों में बाजार बंद रहे और सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दिया। सोमवार को भी इन पाबंदियों का असर साफ तौर पर देखने को मिला, जहां आम जनजीवन काफी हद तक ठप रहा। डोडा जिले में जामिया मस्जिद के इमाम खालिद नजीब सुहरावर्दी ने भी लोगों से अपील की कि विरोध के दौरान बाजार बंद रखे जाएं और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखें। प्रशासन और धार्मिक नेताओं की अपील का असर दिखा, क्योंकि अधिकांश स्थानों पर प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे, हालांकि तनाव का माहौल बना हुआ है।

शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश

विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए स्कूलों और कॉलेजों को दो दिनों के लिए बंद करने की घोषणा की है। शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थान आगामी दो दिनों तक बंद रहेंगे। स्थिति की समीक्षा के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा। सुरक्षा एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी तरह की अफवाह फैलने से रोका जा सके। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट खबर पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *