डिजिटल डेस्क- होली के मद्देनज़र राजधानी दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ तेज़ी से बढ़ने लगी है। खासकर नई दिल्ली और आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर घर लौटने वालों का सैलाब उमड़ रहा है। स्थिति को नियंत्रित रखने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने व्यापक क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू किया है। इस बार स्टेशन परिसर में प्रवेश से लेकर ट्रेन के डिब्बे में बैठने तक की पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाया गया है। एंट्री गेट, प्लेटफॉर्म, सीढ़ियों, फुट ओवरब्रिज और विशेषकर जनरल कोच की ओर पांच लेयर में सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। सुरक्षाकर्मी रस्सी बैरियर के माध्यम से यात्रियों को क्रमबद्ध तरीके से आगे बढ़ा रहे हैं, ताकि धक्का-मुक्की की स्थिति न बने।
जनरल और रिजर्वेशन वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग लाइनें
स्टेशन के बाहर जनरल और रिजर्वेशन वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं। यात्रियों का कहना है कि पहले एंट्री के दौरान काफी अव्यवस्था रहती थी, लेकिन इस बार की व्यवस्थाओं से काफी राहत महसूस हो रही है। आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर करीब 5000 यात्रियों की क्षमता वाला एक विशाल अस्थायी पंडाल तैयार किया गया है। यहां बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ पीने का पानी, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट और टॉयलेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए 25 अस्थायी टिकट काउंटर भी शुरू किए गए हैं, ताकि तत्काल टिकट लेने वालों को लंबी लाइनों में खड़ा न होना पड़े।
पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से
इसके अलावा डिजिटल टिकट वेंडिंग मशीन और मुफ्त वाई-फाई की सुविधा भी दी गई है, जिससे यात्री आसानी से ऑनलाइन टिकट बुक या डाउनलोड कर सकें। इसी तर्ज पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 16 के पास भी अस्थायी पंडाल बनाए गए हैं, जहां यात्रियों को ठहरने की व्यवस्था दी गई है। पूरे स्टेशन परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जा रही है और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से यात्रियों को लगातार ट्रेनों की स्थिति और सही प्लेटफॉर्म की जानकारी दी जा रही है।