पाकिस्तान-अफगानिस्तान में बढ़ा सैन्य तनाव, तालिबान ने जारी किया हमलों का वीडियो

डिजिटल डेस्क- पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव अब खुले सैन्य टकराव में बदलता नजर आ रहा है। दोनों पड़ोसी देशों के बीच हालिया घटनाक्रम ने सीमा पर हालात को बेहद गंभीर बना दिया है। इस बीच अफगानिस्तान के तालिबान नेतृत्व वाले रक्षा मंत्रालय ने एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि उसने पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। समाचार एजेंसी पीटीआई द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए इस वीडियो को तालिबान रक्षा मंत्रालय से संबंधित बताया जा रहा है। मंत्रालय का कहना है कि यह फुटेज उसकी हालिया जवाबी सैन्य कार्रवाई का प्रमाण है। वीडियो ऐसे समय में सामने आया है, जब दोनों देशों के बीच हमले और जवाबी हमले की खबरें लगातार आ रही हैं।

रात के अंधेरे में हमले का दावा

जारी वीडियो में रात के समय हवाई हमलों जैसे दृश्य दिखाई दे रहे हैं। पहाड़ी इलाकों में तेज रोशनी के साथ विस्फोट होते नजर आते हैं। दावा किया जा रहा है कि ये हमले पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर किए गए। हालांकि, इन दृश्यों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही सटीक स्थान की आधिकारिक पुष्टि सामने आई है। तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने इस ऑपरेशन को ‘सफल’ करार देते हुए कहा है कि उसने पाकिस्तान के प्रमुख सैन्य केंद्रों और सुविधाओं को निशाना बनाया। मंत्रालय के अनुसार, यह कार्रवाई पाकिस्तान द्वारा पहले किए गए हमलों के जवाब में की गई है।

पाकिस्तान की पहले की कार्रवाई

इससे पहले खबरें आई थीं कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के भीतर 29 स्थानों पर हवाई बमबारी की थी। इन हमलों को लेकर अफगान पक्ष ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। अब तालिबान का दावा है कि उसने दिन के उजाले में हुए हमलों के बाद चुप्पी नहीं साधी, बल्कि जवाबी कार्रवाई की है। अफगानिस्तान के टोलो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, जिन स्थानों को निशाना बनाया गया उनमें इस्लामाबाद के फैजाबाद के पास एक सैन्य शिविर, नौशेरा में मुख्यालय, जमरुद की सैन्य बस्ती और एबटाबाद स्थित ठिकाने शामिल हैं। तालिबान का कहना है कि इन हमलों से पाकिस्तान की सैन्य संरचना को गंभीर नुकसान पहुंचा है। दूसरी ओर, पाकिस्तान ने तालिबान के दावों को खारिज किया है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक एक पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी ने बताया कि अफगान तालिबान द्वारा दागे गए ड्रोन तीन ठिकानों की ओर बढ़े थे। इनमें नौशेरा में सेना का तोपखाना स्कूल, एबटाबाद में एक सैन्य अकादमी के पास का क्षेत्र और स्वाबी में एक प्राथमिक विद्यालय के नजदीक का स्थान शामिल था। पाकिस्तानी अधिकारी का दावा है कि देश की वायु रक्षा प्रणालियों ने सभी ड्रोन को समय रहते रोककर नष्ट कर दिया। उनके अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने या किसी महत्वपूर्ण सैन्य ढांचे को नुकसान पहुंचने की कोई सूचना नहीं है।

क्षेत्रीय स्थिरता पर खतरा

विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ता यह सैन्य तनाव पूरे क्षेत्र की स्थिरता के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। दोनों देशों के बीच पहले से ही सीमा विवाद, आतंकी गतिविधियों और आपसी अविश्वास की लंबी पृष्ठभूमि रही है। ऐसे में प्रत्यक्ष सैन्य हमलों और जवाबी कार्रवाई के दावे हालात को और जटिल बना सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *