डिजिटल डेस्क- इजरायल की धरती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गाजा को लेकर वैश्विक शांति का सशक्त संदेश दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि दुनिया में आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं है और “इंसानियत को कभी भी लड़ाई का शिकार नहीं बनना चाहिए।” गाजा पीस प्लान के समर्थन में दिया गया उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब वेस्ट एशिया में जारी तनाव को लेकर पूरी दुनिया की नजरें समाधान की दिशा में टिकी हैं। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि वेस्ट एशिया में शांति और स्थिरता सीधे भारत के सुरक्षा हितों से जुड़ी है। भारत शुरू से ही संवाद और मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान का पक्षधर रहा है। उन्होंने इसे “ग्लोबल साउथ और पूरी इंसानियत की पुकार” बताया। उनके इस रुख को भारत की संतुलित और सिद्धांत आधारित विदेश नीति के विस्तार के तौर पर देखा जा रहा है।
रिश्तों को ‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ तक ले जाने पर सहमति
दौरे के दौरान पीएम मोदी की इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ अहम बैठक हुई। दोनों नेताओं ने भारत-इजरायल संबंधों को ‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ के स्तर तक बढ़ाने पर सहमति जताई। यह फैसला दोनों देशों के बीच दशकों से विकसित हो रहे भरोसे और सहयोग को नई ऊंचाई देने वाला माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बैठक को बेहद फलदायी बताया। उन्होंने लिखा कि यह ऐतिहासिक निर्णय दोनों देशों के नागरिकों की आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर लिया गया है। आर्थिक और व्यापारिक सहयोग को नई दिशा देने पर सहमति बनी है, जिससे निवेश, स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में साझेदारी और मजबूत होगी।
तकनीक और कृषि में बढ़ेगा सहयोग
दोनों देशों ने ‘क्रिटिकल एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप’ स्थापित करने का भी फैसला किया है। इसके तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, रक्षा तकनीक और उन्नत अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया जाएगा। इससे भविष्य की तकनीकों में संयुक्त विकास और साझा नवाचार को बल मिलेगा। कृषि क्षेत्र को भी साझेदारी का अहम स्तंभ बताया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इजरायल के बीच चल रहे कृषि सहयोग के तहत उत्कृष्टता केंद्रों (सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस) की संख्या बढ़ाकर 100 करने का निर्णय लिया गया है। इससे भारतीय किसानों को आधुनिक तकनीक, बेहतर बीज और सिंचाई प्रणालियों का लाभ मिलेगा, जिससे उत्पादकता और आय दोनों में वृद्धि संभव है।
‘फौदा’ कलाकारों से मुलाकात
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने लोकप्रिय इजरायली वेब सीरीज फौदा के कलाकारों से भी मुलाकात की। उन्होंने कलाकारों के साथ एक सेल्फी साझा करते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में लिखा कि इस मुलाकात के लिए सिर्फ एक सेल्फी की जरूरत थी, किसी अंडरकवर ऑपरेशन की नहीं।