KNEWS DESK – आईपीएल 2026 से पहले शानदार फॉर्म में दिख रहे अर्जुन तेंदुलकर ने डीवाई पाटिल टी-20 कप में तूफानी पारी खेलकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं। जल्द ही सानिया चंडोक के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे अर्जुन ने मैदान पर भी जबरदस्त प्रदर्शन कर फैंस का दिल जीत लिया।
हाल ही में जामनगर में अंबानी परिवार के फार्महाउस पर प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन के बाद अर्जुन सीधे क्रिकेट मैदान पर लौटे। डीवाई पाटिल टी-20 कप 2026 में वह ब्लू टीम की ओर से खेल रहे हैं, जहां उनका साथ 14 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी दे रहे हैं। दोनों ने मिलकर इंडियन नेवी के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 48 गेंदों में 118 रनों की विस्फोटक साझेदारी की।
25 फरवरी को खेले गए इस मैच में वैभव सूर्यवंशी ने 19 गेंदों पर 63 रनों की तूफानी पारी खेली। 331.58 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 7 चौके और 5 छक्के जड़े। वहीं नंबर 7 पर उतरे अर्जुन तेंदुलकर ने 29 गेंदों में नाबाद 55 रन ठोके। उन्होंने 189.66 की स्ट्राइक रेट से 7 चौके और 2 छक्के लगाए। मैच का रोमांच चरम पर तब पहुंचा जब अर्जुन ने आखिरी ओवर की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर टीम को जीत दिला दी।
गेंदबाजी में भी अर्जुन ने योगदान दिया और एक अहम विकेट हासिल किया। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
आईपीएल 2026 में अर्जुन तेंदुलकर लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते नजर आएंगे। इस सीजन से पहले मुंबई इंडियंस ने उन्हें ट्रेड कर लखनऊ की टीम में भेजा है। ऐसे में अर्जुन के लिए यह सीजन बेहद अहम रहने वाला है, जहां उन्हें अपनी जगह प्लेइंग इलेवन में पक्की करने के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा।