डिजिटल डेस्क- अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए सुपर-8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं। इस शानदार जीत के नायक कप्तान एडेन मारक्रम रहे, जिनकी विस्फोटक पारी ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका के सामने 177 रनों का लक्ष्य रखा था। हालांकि लक्ष्य चुनौतीपूर्ण था, लेकिन अफ्रीकी बल्लेबाजों ने इसे बेहद आसान बना दिया। टीम ने 16.1 ओवर में ही 23 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने न केवल अंक तालिका में बढ़त बनाई, बल्कि नेट रन रेट में भी जबरदस्त सुधार किया।
मारक्रम की आक्रामक बल्लेबाजी
कप्तान मारक्रम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए पारी को मजबूती दी। उन्हें अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक और युवा बल्लेबाज रायन रिकल्टन का शानदार साथ मिला। इन तीनों की पारियों ने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को पूरी तरह बेअसर कर दिया। दूसरी ओर, 9 विकेट की इस बड़ी हार से वेस्ट इंडीज को भारी नुकसान हुआ है। टीम का नेट रन रेट 5.35 से गिरकर 1.791 पर पहुंच गया है, जिससे उसकी सेमीफाइनल की राह कठिन हो गई है। सुपर-8 के ग्रुप ए में दक्षिण अफ्रीका अब शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है।
भारत की राह आसान
इस मुकाबले का असर भारतीय टीम पर भी पड़ा है। दक्षिण अफ्रीका की इस जीत से भारत की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें मजबूत हुई हैं। अब भारतीय टीम की किस्मत उसके अपने हाथ में है। अगर भारत अपने अगले दोनों मुकाबले जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत लेता है, तो वह अंतिम चार में जगह पक्की कर सकता है। विश्लेषकों का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका की यह जीत टूर्नामेंट में उसके इरादों का स्पष्ट संकेत है। टीम संतुलित नजर आ रही है और बल्लेबाजी-गेंदबाजी दोनों विभागों में दमदार प्रदर्शन कर रही है। वहीं वेस्टइंडीज को अब वापसी के लिए न सिर्फ जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि बड़े अंतर से जीतकर रन रेट सुधारने पर भी ध्यान देना होगा।