डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पति की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने अवैध संबंधों के चलते रची गई इस साजिश में मृतक की पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। मामला बाघराय थाना क्षेत्र के ग्राम गोगौर का है। यहां रहने वाली संगीता यादव ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसके पति शेषमणि पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया है। गंभीर रूप से घायल शेषमणि को इलाज के लिए प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
संगीता का गांव के सचिन से थे अवैध संबंध
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में बाघराय थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस को चौंकाने वाले तथ्य मिले। जांच में सामने आया कि संगीता यादव के गांव के ही युवक सचिन यादव से अवैध संबंध थे। पति को रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने मिलकर साजिश रची। पूछताछ में सचिन यादव ने खुलासा किया कि संगीता ने अपने जेवरात देकर शेषमणि की हत्या की सुपारी दी थी। योजना के तहत 6 जनवरी की रात गंगा एक्सप्रेसवे के पास घात लगाकर लोहे की रॉड से शेषमणि के सिर पर वार किया गया। हमले के बाद आरोपियों ने इसे अज्ञात हमलावरों की वारदात बताकर मामला भटकाने की कोशिश की।
जेवर और हत्या में प्रयुक्त मोटर साइकिल बरामद
थाना प्रभारी श्रवण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गंगा एक्सप्रेसवे के नीचे से सचिन यादव, नागेश यादव, तस्लीम और संगीता यादव को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल और जेवरात बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने सीज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि हत्या पूरी तरह से सुनियोजित थी। आरोपियों ने पहले साजिश रची, फिर मौके और समय का चयन कर वारदात को अंजाम दिया। मामले में एक बाल अपचारी की भी भूमिका सामने आई है, जिसे विधिक प्रावधानों के तहत अभिरक्षा में लिया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की विवेचना गहराई से की जा रही है और यदि अन्य किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।