डिजिटल डेस्क- अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जारी आईसीसी वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बीच हाई-वोल्टेज टक्कर देखने को मिल रही है। सेमीफाइनल की रेस को प्रभावित करने वाले इस अहम मैच में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। कैरिबियाई टीम ने महज 83 रन के स्कोर पर अपने 7 विकेट गंवा दिए थे। दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने नई गेंद से जबरदस्त कहर बरपाया और वेस्टइंडीज का टॉप ऑर्डर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
रोमारियो शेफर्ड और जेसन होल्डर ने संभाली लड़खड़ाती टीम की कमान
हालांकि इसके बाद रोमारियो शेफर्ड और जेसन होल्डर ने पारी को संभालते हुए टीम को मुकाबले में वापसी दिलाई। दोनों बल्लेबाजों के बीच आठवें विकेट के लिए 57 गेंदों पर 89 रनों की शानदार साझेदारी हुई। शेफर्ड ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि होल्डर अर्धशतक से चूक गए लेकिन उनकी संयमित पारी टीम के लिए बेहद अहम साबित हुई। इस संघर्षपूर्ण वापसी की बदौलत वेस्टइंडीज ने निर्धारित 20 ओवरों में दक्षिण अफ्रीका के सामने 177 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। जिस स्थिति में टीम 83/7 पर संघर्ष कर रही थी, वहां से 177 तक पहुंचना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
177 रनों का पीछा करने उतरेगी अफ्रीकी टीम की होगी विशेष रणनीति
अब मुकाबले का रुख दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी पर टिका है। 177 रनों का लक्ष्य इस बड़े मैदान पर आसान नहीं माना जा सकता, खासकर तब जब नॉकआउट की दहलीज सामने हो। गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका ने सुपर-8 के अपने पहले मुकाबले में भारत को 76 रनों से हराया था, जबकि वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रनों के बड़े अंतर से मात दी थी। ऐसे में इस मैच की जीत से सेमीफाइनल की तस्वीर लगभग साफ हो सकती है। यह मुकाबला भारत के नजरिए से भी बेहद अहम है। अगर दक्षिण अफ्रीका जीत दर्ज करती है तो भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल की राह आसान होगी। वहीं, अगर वेस्टइंडीज यह मैच जीतने में सफल रही तो भारत के समीकरण उलझ सकते हैं। ऐसे में भारतीय फैन्स की नजरें भी इस मैच पर टिकी हैं।