‘खेसारी ने वल्गर गाने गाए’… मनोज तिवारी की दो टूक, नए कलाकारों को दी बड़ी नसीहत

KNEWS DESK – भोजपुरी इंडस्ट्री में अश्लीलता को लेकर बहस कोई नई बात नहीं है। जब भी भोजपुरी गानों की चर्चा होती है, तो अक्सर उन पर ‘वल्गर’ होने का आरोप लग जाता है। कई बार इस मुद्दे पर कलाकारों को भी आलोचना का सामना करना पड़ा है। इसी बीच अब मनोज तिवारी का एक बयान चर्चा में आ गया है, जिसमें उन्होंने खुलकर इस विषय पर अपनी राय रखी है।

हाल ही में मनोज तिवारी ने Clearcut को दिए इंटरव्यू में भोजपुरी इंडस्ट्री के भीतर चल रही प्रतिस्पर्धा, कोल्ड वॉर और अश्लील गानों के आरोपों पर बात की। बातचीत के दौरान उनसे कई समकालीन सितारों को लेकर सवाल पूछे गए।

जब इंटरव्यू में पवन सिंह का नाम लिया गया तो मनोज तिवारी ने कहा कि वह जो भी कहते हैं, सोच-समझकर कहते हैं और अपने शब्दों पर कायम रहते हैं। उन्होंने पवन सिंह को लेकर कोई सीधी आलोचना नहीं की, लेकिन संयमित प्रतिक्रिया दी।

खेसारी लाल के गानों पर उठाए सवाल

वहीं, जब खेसारी लाल यादव के गानों पर होने वाली सामाजिक आलोचना को लेकर सवाल किया गया तो मनोज तिवारी ने साफ शब्दों में कहा कि यह सच है कि कुछ गाने वल्गर रहे हैं। उन्होंने माना कि खेसारी लाल आज बड़े स्टार हैं और उनके पास बड़ी संख्या में दर्शक व श्रोता हैं, लेकिन यह भी कहा कि कलाकार को अपने कंटेंट के प्रति जिम्मेदार होना चाहिए।

मनोज तिवारी ने उदाहरण देते हुए कहा कि जब खेसारी लाल चुनाव मैदान में उतरे थे तो उनके पुराने गानों को लेकर काफी चर्चा हुई थी। उनका कहना था कि कलाकार जो बोलता और गाता है, उसका असर लंबे समय तक उसके साथ जुड़ा रहता है। इसलिए उन्होंने नए कलाकारों को सलाह दी कि अगर वे लंबी पारी खेलना चाहते हैं, तो शुरुआत से ही सोच-समझकर कदम उठाएं।

इंडस्ट्री में फिर तेज हुई बहस

गौरतलब है कि भोजपुरी इंडस्ट्री के कई बड़े नाम जैसे खेसारी लाल यादव, पवन सिंह और रवि किशन अश्लील गानों को लेकर समय-समय पर ट्रोलिंग का सामना कर चुके हैं। हालांकि, कलाकार अक्सर यह तर्क देते हैं कि दर्शकों की मांग के अनुसार कंटेंट बनाया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *