छत्तीसगढ़ः चौथिया कार्यक्रम के बाद एकाएक 44 ग्रामीण बीमार, फूड पॉयजनिंग की आशंका

डिजिटल डेस्क- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से सामूहिक फूड पॉयजनिंग का मामला सामने आया है, जहां शादी के चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दो ग्राम पंचायतों के कुल 44 ग्रामीण अचानक बीमार पड़ गए। भोजन करने के कुछ घंटों बाद ग्रामीणों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत शुरू हुई, जिससे गांवों में हड़कंप मच गया। प्रभावित सभी लोगों का इलाज जारी है और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है। जानकारी के अनुसार मामला ग्राम पंचायत आमदी (द) के आश्रित गांव मोहलाई और ग्राम पंचायत दर्रीपारा के बोइरगांव से जुड़ा है। मोहलाई के 17 ग्रामीण और बोइरगांव के 27 ग्रामीण बीमार हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे सभी एक ही चौथिया कार्यक्रम में शामिल हुए थे और सामूहिक रूप से भोजन किया था। घर लौटने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते उल्टी और दस्त की शिकायत बढ़ने लगी, जिससे परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग सक्रिय

सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया। उपस्वास्थ्य केंद्र कोसमी में तत्काल विशेष चिकित्सा शिविर लगाया गया, जहां प्रभावित ग्रामीणों का प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम दोनों गांवों में पहुंची और घर-घर जाकर मरीजों की जांच की। गंभीर लक्षण वाले मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर दवाइयां दी गईं और आवश्यकतानुसार सलाइन भी चढ़ाई गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी वी.एस. नवरत्न ने बताया कि सूचना मिलते ही कोसमी सेक्टर में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की टीम तैनात कर दी गई थी। अब तक 40 से अधिक लोगों का इलाज किया जा चुका है और सभी की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं बताई गई है। स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए है।

ग्रामीणों के द्वारा खाये गए खाने का भरा गया नमूना

अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कार्यक्रम में परोसे गए भोजन के नमूनों को जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है, ताकि फूड पॉयजनिंग के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। आशंका जताई जा रही है कि भोजन में किसी प्रकार का संक्रमण या दूषित सामग्री इस्तेमाल होने से यह स्थिति बनी होगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि बीमारी किस वजह से फैली। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की है। साथ ही खुले में रखे भोजन या बासी खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने की सलाह दी गई है। विभाग ने कहा है कि किसी भी व्यक्ति को उल्टी, दस्त, पेट दर्द या बुखार जैसे लक्षण महसूस हों तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *