डिजिटल डेस्क- शादियों के सीजन में हर्षोल्लास के बीच झगड़े की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के अमरगढ़ गांव का है, जहां सड़क पर निकल रही बारात के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि साइड मांगने पर नाराज बारातियों ने एयरफोर्स जवान और उसके प्रधानाध्यापक पिता पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना बीते गुरुवार की बताई जा रही है। अमरगढ़ निवासी जितेंद्र सिंह, जो उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक हैं, अपने बेटे प्रथम सिंह के साथ गांव में आयोजित एक सगाई समारोह से लौट रहे थे। प्रथम सिंह भारतीय वायुसेना में जवान हैं और वही कार चला रहे थे।
नशे में थे कई बाराती, हाथों में थी शराब की बोतलें
रास्ते में आकाश वर्मा की बारात डीजे और घुड़चढ़ी के साथ सड़क पर आगे बढ़ रही थी। आरोप है कि कई बाराती नशे में थे और हाथों में शराब की बोतलें लिए हुए थे। जब कार सवार प्रथम सिंह ने आगे निकलने के लिए हॉर्न बजाकर साइड मांगी, तो कुछ बारातियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विरोध करने पर बारात में शामिल लोगों ने उन पर हमला बोल दिया। लोहे की रॉड और डंडों से की गई मारपीट में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मारपीट की इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क पर अफरातफरी और झगड़े के दृश्य देखे जा सकते हैं।
घड़ी और सोने की चेन गायब होने का आरोप
जितेंद्र सिंह ने आरोप लगाया है कि हमले के दौरान उनके हाथ की घड़ी और सोने की चेन भी गायब हो गई। उन्होंने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।