नेपाल में भीषण बस हादसा, त्रिशूली नदी में गिरी यात्री बस, 18 की मौत, मृतकों में 2 न्यूजीलैंड पर्यटक भी शामिल

डिजिटल डेस्क- नेपाल में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 लोगों की जान चली गई, जबकि 27 यात्री घायल हो गए। राजधानी काठमांडू जा रही एक यात्री बस धादिंग जिले के पास अनियंत्रित होकर त्रिशूली नदी में गिर गई। मृतकों में न्यूजीलैंड के दो पर्यटक एक पुरुष और एक महिला भी शामिल हैं। यह बस रविवार- सोमवार की दरमियानी रात पोखरा से काठमांडू के लिए रवाना हुई थी। आधी रात करीब 1:30 बजे धादिंग के बेनीघाट, रोरंग ग्रामीण नगर पालिका-5 के भैसपति इलाके में चालक ने नियंत्रण खो दिया। बस सड़क से फिसलकर लगभग 300 मीटर नीचे ढलान से गिरते हुए त्रिशूली नदी में जा समाई। हादसे के बाद बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, दुर्घटना में 6 महिलाओं और 12 पुरुषों की मौत हुई है। ज्यादातर मृतक स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों में 8 महिलाएं, 18 पुरुष और एक नाबालिग लड़की शामिल हैं। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

टॉर्च की रोशनी में चला राहत अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही नेपाली सेना, आर्म्ड पुलिस फोर्स और नेपाल पुलिस की संयुक्त टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। लेकिन दुर्गम पहाड़ी इलाका, गहरी खाई, नदी का बहाव और घना अंधेरा राहत कार्य में बड़ी चुनौती बने रहे। चीफ डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर सुवेदी ने बताया कि रात के अंधेरे में टॉर्च की रोशनी के सहारे घायलों को बाहर निकाला गया। राहत सामग्री की कमी भी शुरुआती प्रयासों में बाधा बनी। बचे हुए यात्रियों को नाव के जरिए करीब एक किलोमीटर नीचे लाया गया, जहां से उन्हें सड़क मार्ग तक पहुंचाया गया और फिर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

हादसे की जांच के आदेश

अधिकारियों ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही या सड़क की खराब स्थिति दुर्घटना का कारण हो सकती है, हालांकि विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। नेपाल की पहाड़ी सड़कों पर इस तरह की दुर्घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। संकरी, घुमावदार और ऊबड़-खाबड़ सड़कों पर जरा सी चूक भी भारी पड़ सकती है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, वाहन फिटनेस और रात्रिकालीन यात्रा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *