डिजिटल डेस्क- टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत और पाकिस्तान के बीच प्रस्तावित मुकाबले को लेकर सियासी और क्रिकेटिंग ड्रामा थमने का नाम नहीं ले रहा है। पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ मैच के संभावित बहिष्कार की अटकलों के बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत में हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल का पाकिस्तान के लाहौर पहुंचना इस मामले को और अहम बना रहा है। सूत्रों के मुताबिक, अमीनुल इस्लाम बुलबुल लाहौर में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के प्रमुख मोहसिन नक़वी से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर पाकिस्तान के रुख, उसकी आपत्तियों और आगे की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। क्रिकेट जगत में इस मुलाकात को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड दक्षिण एशियाई क्रिकेट में संतुलन और संवाद की भूमिका निभा सकता है।
आज रात होगी आपात बैठक
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पूरे विवाद को सुलझाने के लिए आज रात आपात बैठक बुलाने का फैसला किया है। यह बैठक ऑनलाइन माध्यम, यानी ज़ूम के जरिए आयोजित होने की संभावना है। इसमें आईसीसी के सीईओ संजोग गुप्ता, पीसीबी प्रमुख मोहसिन नक़वी और बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल के शामिल होने की उम्मीद है। आईसीसी की इस आपात बैठक का मुख्य उद्देश्य पाकिस्तान के भारत के खिलाफ मैच न खेलने के संभावित फैसले पर चर्चा करना और किसी व्यावहारिक समाधान तक पहुंचना है।
काफी बिंदुओं पर पड़ेगा असर
भारत-पाकिस्तान मुकाबला किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण माना जाता है। ऐसे में अगर यह मैच रद्द होता है या किसी तरह का बहिष्कार होता है, तो इसका असर सिर्फ टूर्नामेंट के शेड्यूल पर ही नहीं, बल्कि ब्रॉडकास्टिंग, स्पॉन्सरशिप और कमर्शियल डील्स पर भी पड़ सकता है। आईसीसी इस पूरे घटनाक्रम पर बेहद सतर्क नजर बनाए हुए है। बोर्ड की कोशिश है कि सभी संबंधित क्रिकेट बोर्डों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रण में रखा जाए और टूर्नामेंट की प्रतिष्ठा को नुकसान न पहुंचे। वहीं, क्रिकेट फैंस भी इस पूरे मामले पर नजरें टिकाए बैठे हैं, क्योंकि भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर दुनिया भर में जबरदस्त उत्साह रहता है।