डिजिटल डेस्क- बाराबंकी कोर्ट परिसर से हत्या का दोषी कैदी फरार होने के मामले को पुलिस प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। घटना के तुरंत बाद कोर्ट परिसर के सभी प्रवेश और निकास द्वारों को सील कर दिया गया, जबकि आसपास की सड़कों पर नाकाबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सुरक्षा में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। फरार कैदी के भागने के रास्तों और संभावित ठिकानों का पता लगाने के लिए कोर्ट परिसर और आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस टीमें हर एंगल से आरोपी की मूवमेंट को ट्रेस करने में जुटी हैं।
बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत सभी जगह चेकिंग
पुलिस अधीक्षक ने फरार कैदी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं। जिले के सभी थानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और सीमावर्ती जनपदों को भी सूचना भेज दी गई है, ताकि आरोपी जिले की सीमा पार न कर सके। साथ ही, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख मार्गों पर भी सघन चेकिंग की जा रही है।
सुरक्षा में चूक करने वाले पुलिसकर्मियों पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस पूरे मामले में सुरक्षा में चूक करने वाले पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। कोर्ट परिसर से इस तरह कैदी का फरार होना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।