चीन में ‘हॉट पॉट स्पा’ का अनोखा प्रयोग, मिर्च और दूध में नहाते दिखे लोग, वीडियो वायरल

डिजिटल डेस्क- पूर्वोत्तर चीन के हेइलोंगजियांग प्रांत की राजधानी हार्बिन से एक बेहद अजीब और चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आमतौर पर स्पा को सुकून और रिलैक्सेशन से जोड़ा जाता है, लेकिन हार्बिन में मौजूद एक रिसॉर्ट ने स्पा की परिभाषा ही बदल दी है। यहां लोगों को सुकून नहीं, बल्कि ‘हॉट पॉट’ जैसा अनुभव कराया जा रहा है। चीन की ‘आइस सिटी’ कहे जाने वाले हार्बिन में स्थित मैपल लीफ विलेज हॉट स्प्रिंग रिसॉर्ट ने मशहूर चाइनीज डिश ‘हॉटपॉट’ की थीम पर एक अनोखा स्पा पूल तैयार किया है। यह पूल दो हिस्सों में बंटा हुआ है। एक हिस्से में लाल रंग का पानी है, जिसमें ढेर सारी लाल मिर्च और जलपीनो तैरते नजर आते हैं। वहीं, दूसरे हिस्से में दूधिया सफेद पानी है, जिसमें गोजी बेरी, लाल खजूर और कई तरह की सब्जियां डाली गई हैं।

पेश किया दावा- ब्लड सर्कुलेशन के लिए है फायदेमंद

इस अजीबोगरीब स्पा का वीडियो ट्रैवल व्लॉगर जॉर्डन एग्बर्ट ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @counting.countries पर शेयर किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग बिना किसी डर के मिर्च से भरे पानी में बैठकर डुबकी लगा रहे हैं और इसका आनंद लेते दिख रहे हैं। इस स्पा को लेकर समर्थकों का दावा है कि मिर्ची वाला पानी ब्लड सर्कुलेशन को तेज करता है और शरीर में गर्माहट बनाए रखता है, जबकि दूधिया पानी त्वचा को मुलायम और हेल्दी बनाता है। हालांकि, स्किन एक्सपर्ट्स ने इस ट्रेंड पर गंभीर चेतावनी दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि मिर्ची वाले पानी में बैठने से त्वचा में तेज जलन, एलर्जी, रैशेज और स्किन डैमेज का खतरा हो सकता है।

यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। कुछ लोग इसे नया और रोमांचक अनुभव बता रहे हैं, तो वहीं ज्यादातर यूजर्स इसे “सेल्फ टॉर्चर” करार दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “ये स्पा नहीं, खुद को पकाने जैसा है।” वहीं दूसरे ने तंज कसते हुए कहा, “चीन में कुछ भी हो सकता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *